पूर्व प्रधान ओम प्रकाश ठाकुर बोले- 80 साल बाद भी पुल नहीं, हजारों लोगों को 80 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ता है
मंडी जिले में द्रंग और सदर विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने के लिए ब्यास नदी पर पुल निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। ग्राम पंचायत कुफरी के पूर्व प्रधान एवं समाजसेवी ओम प्रकाश ठाकुर ने लोक निर्माण मंत्री बिक्रमादित्य सिंह को पत्र लिखकर दोनों क्षेत्रों के बीच पुल निर्माण की मांग की है।
उन्होंने कहा कि आजादी के करीब आठ दशक बाद भी ब्यास नदी पर पुल नहीं बनने के कारण दोनों विधानसभा क्षेत्रों के हजारों लोग सीधे संपर्क से वंचित हैं और उन्हें आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
80 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करने को मजबूर लोग
ओम प्रकाश ठाकुर ने बताया कि मंडी से लेकर कून का तर तक ब्यास नदी के दोनों किनारों पर हजारों लोग रहते हैं। दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच पारिवारिक और सामाजिक रिश्ते होने के बावजूद पुल के अभाव में उन्हें मिलने-जुलने के लिए लगभग 80 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बरसात के मौसम में लोगों की परेशानियां और बढ़ जाती हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों क्षेत्रों में सड़क सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन ब्यास नदी पर पुल न होने से किसानों को अपनी नकदी फसलें मंडी तक पहुंचाने में अतिरिक्त समय और खर्च उठाना पड़ता है, जिससे आर्थिक नुकसान भी होता है।
उन्होंने कहा कि यदि नदी पर पुल का निर्माण हो जाए तो हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
विधायकों से विधानसभा में मुद्दा उठाने की अपील
ओम प्रकाश ठाकुर ने सदर के विधायक अनिल शर्मा और द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर से भी इस मुद्दे को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाने की अपील की है।
विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने दिया आश्वासन
द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने कहा कि ब्यास नदी पर पुल का निर्माण अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि दोनों क्षेत्रों के लोगों का आपसी सामाजिक और पारिवारिक संबंध है।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना को प्राथमिकता के साथ सरकार को भेजा गया है और आगामी विधानसभा सत्र में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube