हिमाचल प्रदेश में मानसून की भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की घटनाएं सामने आई हैं।
सोमवार को भी शिमला सहित कई जिलों में सुबह से बारिश जारी रही, जिसके चलते कई सड़कें अवरुद्ध हो गईं और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
145 सड़कें बंद, बिजली और पेयजल सेवाएं प्रभावित
बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में कुल 145 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं। इसके अलावा 508 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं, जबकि 43 पेयजल परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं।
प्रशासन और संबंधित विभाग बंद सड़कों को खोलने और मूलभूत सुविधाओं को बहाल करने में जुटे हुए हैं।
किन्नौर में फ्लैश फ्लड से भारी नुकसान
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि प्रदेश में मानसून के दौरान लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण जगह-जगह भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की घटनाएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि किन्नौर जिले में फ्लैश फ्लड से काफी नुकसान हुआ है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी बाढ़ और भूस्खलन के कारण कई पुलों को नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि जहां-जहां सड़कें बंद हुई हैं, वहां बहाली का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है और जल्द ही यातायात व्यवस्था को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जुलाई में बारिश और अन्य घटनाओं में 66 लोगों की मौत
जगत सिंह नेगी ने बताया कि जुलाई महीने में दुर्घटनाओं, बारिश और अन्य आपदाओं से जुड़ी घटनाओं में अब तक 66 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की।
नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार पर साधा निशाना
नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में युवाओं के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज पर भी राजस्व मंत्री ने प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने युवाओं पर पुलिस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठा रहे थे, लेकिन उन पर लाठियां बरसाई गईं।
जगत सिंह नेगी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा लोकतंत्र को मजबूत रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह युवाओं के समर्थन में खड़े हैं और जरूरत पड़ने पर उनके समर्थन में दिल्ली जाने को भी तैयार हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube