स्पैडा और गढ़गून गांवों में मची तबाही, लोगों ने भागकर बचाई जान; प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र में भारी बारिश के बीच बादल फटने से बड़ा नुकसान हुआ है। शाहपुर की बोह घाटी के स्पैडा और गढ़गून गांवों में अचानक आई बाढ़ और मलबे की चपेट में आने से छह मकान बह गए।
घटना के बाद प्रभावित क्षेत्रों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने समय रहते घरों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। पहाड़ी क्षेत्र में जोरदार धमाके के बाद अचानक पानी और मलबा नीचे की ओर आया, जिसने कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा, एसडीआरएफ बुलाई
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम प्रभावित क्षेत्र के लिए रवाना हो गई। राहत और बचाव कार्य को तेज करने के लिए एसडीआरएफ को बुलाया गया है।
प्रभावित गांवों में कई मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। कुछ घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं और उनका नामोनिशान तक नहीं बचा है।
प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार अभी तक किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
भूस्खलन के कारण राहत कार्य में आ रही बाधा
एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर ने बताया कि वह स्वयं प्रभावित क्षेत्र के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि डिब्बा और मानेड नाला क्षेत्र में भारी भूस्खलन हुआ है, जिसके कारण मौके तक पहुंचने में कठिनाई आ रही है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले नदी-नालों के पास न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
वहीं, कांगड़ा जिले के जवाली क्षेत्र के न्यांगल गांव में भी बाढ़ से हालात चिंताजनक हो गए हैं। नाले का बहाव बदलने से करीब 15 घर खतरे की जद में आ गए हैं।
बाढ़ के कारण ग्रामीणों के खेतों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि अब पानी का बहाव कुछ कम हुआ है, लेकिन ग्रामीण अभी भी डरे हुए हैं।
प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति की निगरानी कर रहा है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube