पक्का भरो क्षेत्र में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपियों से तांबा और पीतल समेत अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास जारी
पुलिस थाना हमीरपुर के तहत पक्का भरो क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एक कबाड़ दुकान में रखे तांबा, एल्यूमिनियम और अन्य कीमती सामान को चोरी किया गया था।
पुलिस ने जांच के दौरान दो संदिग्धों को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद उनके कब्जे से चोरी किया गया कुछ सामान बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज और राजीव, निवासी हमीरपुर के रूप में हुई है।
आरोपियों से 40 किलो एल्यूमिनियम बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 40 किलोग्राम एल्यूमिनियम बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी किए गए एल्यूमिनियम को एक कबाड़ की दुकान में करीब छह हजार रुपये में बेच दिया था।
दोनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब उनसे चोरी किए गए अन्य सामान तांबा और पीतल की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी सूरज कबाड़ का काम करता है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सूरज पर चोरी और चिट्टा से जुड़े करीब सात मामले दर्ज बताए जा रहे हैं, जबकि राजीव पर चोरी और मारपीट के करीब तीन मामले दर्ज हैं।
बारिश से क्षतिग्रस्त दीवार से घुसने की आशंका
चोरी की शिकायत मोहम्मद आजाद ने पुलिस में दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने तांबा, एल्यूमिनियम और अन्य सामान एक स्थान पर सुरक्षित रखा हुआ था।
उन्होंने बताया कि जिस मकान में तांबा रखा गया था, उसकी एक दीवार बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी। आशंका है कि चोरों ने इसी रास्ते से अंदर प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार चोरी किए गए सामान की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये है।
पुलिस अन्य सामान की बरामदगी में जुटी
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि पक्का भरो क्षेत्र की एक दुकान से एल्यूमिनियम, तांबा और अन्य सामग्री चोरी की गई थी। पुलिस ने कुछ सामान बरामद कर लिया है, जबकि बाकी सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि चोरी की पूरी घटना और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube