गलमाठा के पास नालियों का पानी सड़क पर जमा, घरों और खेतों में घुस रहा पानी; विभाग ने जेसीबी भेजकर समाधान का दिया आश्वासन
यह दृश्य किसी नदी या तालाब का नहीं, बल्कि लोक निर्माण विभाग की पधर-नौहली सड़क का है। भारी बारिश के बाद गलमाठा के पास सड़क पर पानी जमा होने से हालात ऐसे बन गए हैं कि सड़क पूरी तरह तालाब जैसी नजर आ रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग ने सड़क किनारे नालियां तो बना दीं, लेकिन पानी की निकासी के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। नालियों का पानी किसी कलवर्ट या नाले की ओर मोड़ने के बजाय सड़क पर ही छोड़ दिया गया, जिसके कारण बारिश के दौरान समस्या गंभीर हो गई है।
घरों और खेतों में घुस रहा पानी, लोगों में डर
मूसलाधार बारिश के कारण सड़क पर पानी भरने से दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सड़क का पानी आसपास के घरों और खेतों में भी पहुंच रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते पानी की निकासी का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो बड़ा नुकसान हो सकता है।
शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ स्थायी समाधान
स्थानीय लोगों के अनुसार विभाग को पहले भी इस समस्या से अवगत करवाया गया था। शिकायत के बाद विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और नालियां बनाने का कार्य किया, लेकिन पानी की निकासी का उचित प्रबंध नहीं किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार सुझाव दिया था कि नालियों के पानी को नाले की ओर मोड़ा जाए, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। अब बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा होने से समस्या और बढ़ गई है।
लोगों ने आरोप लगाया कि विभाग के कर्मचारी सड़क सुधारने के लिए दो बार मौके पर आए, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती।
विभाग ने जेसीबी भेजने का दिया आश्वासन
इस मामले में लोक निर्माण विभाग पधर के सहायक अभियंता प्रदीप पटियाल ने बताया कि प्रभावित स्थान पर जेसीबी मशीन भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बारिश के पानी की निकासी की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube