मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

नगर निगम के बाद धर्मशाला पंचायत समिति पर भी भाजपा का कब्जा; आलोक अध्यक्ष और सरोज बनीं उपाध्यक्ष

सार

नगर निगम चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने धर्मशाला पंचायत समिति पर भी अपना परचम लहरा दिया है।

2 मिनट
नगर निगम के बाद धर्मशाला पंचायत समिति पर भी भाजपा का कब्जा; आलोक अध्यक्ष और ��सरोज बनीं उपाध्यक्ष

नगर निगम चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने धर्मशाला पंचायत समिति पर भी अपना परचम लहरा दिया है। गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच हुए चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही महत्वपूर्ण पदों पर शानदार जीत दर्ज की। वार्ड नंबर 6 (नरवाणा खास) से भाजपा समर्थित आलोक कुमार को पंचायत समिति का नया अध्यक्ष चुना गया है, जबकि वार्ड नंबर 15 (मंदल) की सरोज कुमारी उपाध्यक्ष पद पर काबिज होने में सफल रही हैं।

18 वार्डों वाली इस पंचायत समिति के चुनाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी सरगर्मी थी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी 18 निर्वाचित सदस्य बीडीओ (BDO) कार्यालय के सभागार में पहुंचे और उनकी हाजिरी दर्ज की गई।

18 सीटों वाली इस समिति में भाजपा के पास पहले से ही 14 सदस्यों का मजबूत बहुमत था, जबकि कांग्रेस समर्थित केवल 4 सदस्य जीतकर आए थे। इसके बावजूद कांग्रेस को अंदरूनी जोड़-तोड़ और क्रॉस वोटिंग की कुछ उम्मीदें थीं, जिसे देखते हुए कांग्रेस के बड़े पदाधिकारी भी बीडीओ कार्यालय के बाहर डटे हुए थे।

हालांकि, जब संख्या बल और माहौल पूरी तरह भाजपा के पक्ष में दिखा, तो कांग्रेसी नेताओं ने वहां से चुपचाप चले जाना ही बेहतर समझा।

चुनावी नतीजों के आंकड़ों की बात करें तो अध्यक्ष पद के मुकाबले में आलोक कुमार को कुल 18 वोटों में से 12 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी वार्ड नंबर 13 (पंतेहड़ पास्सू) के सुरेंद्र सिंह सोनू को केवल 6 वोटों से संतोष करना पड़ा।

वहीं, उपाध्यक्ष पद के मुकाबले में कुल 18 मतों में से एक वोट रिजेक्ट (अमान्य) घोषित कर दिया गया। शेष बचे 17 वैध मतों में से विजेता सरोज कुमारी ने 10 वोट हासिल किए, जबकि उनकी विरोधी वार्ड नंबर 17 (गगल) की जयललिता को महज 7 वोट ही मिल सके। इस जीत के साथ ही धर्मशाला क्षेत्र के ग्रामीण विकास तंत्र पर भाजपा ने अपनी राजनीतिक पकड़ को और अधिक मजबूत कर लिया है।

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें