मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

धर्मशाला में दर्दनाक हादसा: करेरी के हाफ प्वाइंट पर नाले में डूबने से डेंटिस्ट्री के छात्र की मौत

सार

हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल करेरी में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ नाले में नहाते समय डूबने से एक 24 वर्षीय युवक की जान चली गई।

2 मिनट
धर्मशाला में दर्दनाक हादसा: करेरी के हाफ प्वाइंट पर नाले में ड��ूबने से डेंटिस्ट्री के छात्र की मौत

धर्मशाला।

हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल करेरी में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ नाले में नहाते समय डूबने से एक 24 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान शशांक आर्यन पुत्र विशाल कुमार, निवासी 'राजा का तालाब' (तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा) के रूप में हुई है।

वह पोंटा साहिब स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज का छात्र था और अपने दोस्तों के साथ ट्रैकिंग पर गया था।

दोस्तों के मना करने पर भी नाले में उतरा युवक

मिली जानकारी के अनुसार, शशांक 17 मई को अपने दोस्तों और 'विजय एडवेंचर' संस्था के गाइड के साथ करेरी झील की ट्रैकिंग पर निकला था। रात को झील के पास कैंपिंग करने के बाद, अगले दिन सुबह करीब 10 बजे यह पूरा ग्रुप वापस करेरी गाँव की तरफ लौट रहा था।

दोपहर करीब 12 बजे जब वे हाफ प्वाइंट करेरी के पास पहुँचे, तो शशांक ने वहाँ बहने वाले नाले में नहाने की इच्छा जताई। दोस्तों और गाइड के बार-बार मना करने के बावजूद वह पानी में उतर गया और कुछ ही देर में गहरे पानी में डूब गया।

अस्पताल पहुँचने से पहले ही थम गईं सांसें

शशांक को डूबता देख उसके दोस्तों और स्थानीय गाइडों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला। उस वक्त उसकी सांसें चल रही थीं लेकिन वह बेहोशी की हालत में था और किसी से बात नहीं कर पा रहा था।

दोस्त और गाइड उसे तुरंत जोनल अस्पताल धर्मशाला ले गए, जहाँ आपातकालीन कक्ष में तैनात डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची।

पुलिस ने दर्ज किए बयान, शव गृह में रखवाया गया शव

मामले की जांच कर रहे उप-निरीक्षक (SI) पवन कुमार ने अस्पताल पहुँचकर मृतक के दोस्तों—शगुन, आस्था और मृदुला के संयुक्त बयान दर्ज किए। दोस्तों ने पुलिस को बताया कि यह एक दुर्घटना थी और शशांक की मौत में किसी अन्य व्यक्ति की कोई गलती या संदेहास्पद भूमिका नहीं है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम और पंचनामे के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला के शव गृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है, जिसके बाद इसे परिजनों को सौंपा जाएगा।

इस खबर को शेयर करें