मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की माता संसार देई ने 'पिंक बूथ' पर डाला वोट, महिलाओं ने संभाली कमान

सार

हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों के अंतिम चरण के तहत मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की माता संसार देई ने लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी दर्ज की।

2 मिनट
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की माता संसार देई ने 'पिंक बूथ' पर डाला वोट, महिलाओं ने संभाली कमान

नादौन।

हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों के अंतिम चरण के तहत मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की माता संसार देई ने लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी दर्ज की। लगभग 88 वर्षीय संसार देई ने अपने गृह क्षेत्र की ग्राम पंचायत अमलैहड़ के अंतर्गत आने वाले मतदान केंद्र 'भवड़ां' में पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

इस उम्र में भी लोकतंत्र के प्रति उनका यह जज्बा और निष्ठा मतदान केंद्र पर मौजूद अन्य मतदाताओं के लिए बेहद प्रेरणादायी रही।

मुख्यमंत्री की माता के आगमन और मतदान को लेकर सुरक्षा व प्रशासनिक स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पोलिंग बूथ पर पहुंचने पर मतदान कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने उनका आदर-सत्कार किया।

संसार देई ने बेहद सादगी के साथ कतार में आकर अपनी बारी का इंतजार किया और फिर मतपेटी में अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने सभी को आशीर्वाद दिया और ग्रामीण विकास के लिए हर नागरिक को मतदान करने का संदेश भी दिया।

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे खास बात यह रही कि निर्वाचन आयोग द्वारा इस बार भवड़ां मतदान केंद्र को विशेष रूप से 'पिंक बूथ' (महिला विशेष मतदान केंद्र) के रूप में तैयार किया गया था।

इस अनूठी पहल के तहत मतदान केंद्र की पूरी कमान केवल महिला अधिकारियों और कर्मचारियों के हाथों में सौंपी गई थी। पीठासीन अधिकारी (Presiding Officer) से लेकर मतदान अधिकारी और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस व होमगार्ड के जवान भी केवल महिलाएं ही थीं, जो महिला सशक्तिकरण की एक बेहतरीन मिसाल पेश कर रहा था।

पिंक बूथ पर वरिष्ठ नागरिक संसार देई का मतदान करना इस चुनावी प्रक्रिया को और भी गरिमामय बना गया। प्रशासन द्वारा बनाए गए इस विशेष बूथ की सजावट और वहां की सुचारू व्यवस्था की स्थानीय जनता ने भी जमकर सराहना की।

इस मतदान केंद्र पर महिलाओं के अनुकूल माहौल होने के कारण सुबह से ही महिला मतदाताओं में भी भारी उत्साह देखा गया और वे बिना किसी झिझक के बढ़-चढ़कर अपने मत का प्रयोग करने पोलिंग स्टेशन पहुंचती रहीं।

इस खबर को शेयर करें