शिमला।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को एसडीए कॉम्प्लेक्स कसुम्पटी में 28.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बहुमंजिला पार्किंग सुविधा का लोकार्पण किया। इस पार्किंग परिसर में 315 वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था की गई है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पार्किंग की बढ़ती जरूरत को देखते हुए उठाया कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिमला में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसके चलते पार्किंग स्थलों की मांग भी बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने इस परियोजना को पूरा करने के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाया और भविष्य में भी शहर में नई पार्किंग सुविधाओं के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
246 करोड़ से बन रही भूमिगत यूटिलिटी डक्ट प्रणाली
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला को अधिक व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने के लिए राज्य सरकार 246 करोड़ रुपये की लागत से भूमिगत यूटिलिटी डक्ट प्रणाली का निर्माण कर रही है।
उन्होंने बताया कि शहर की सौंदर्यात्मक छवि को बेहतर बनाने के लिए बिजली और संचार से संबंधित केबलों को भूमिगत किया जा रहा है। इससे न केवल बुनियादी ढांचा मजबूत होगा, बल्कि शिमला की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
सर्कुलर रोड चौड़ीकरण पर खर्च होंगे 150 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिमला की सर्कुलर रोड के सुधार और चौड़ीकरण पर 150 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इस परियोजना के पूरा होने से शहर में यातायात दबाव कम होगा और स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य शिमला को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करना है ताकि शहर में बढ़ते ट्रैफिक और शहरी चुनौतियों का प्रभावी समाधान किया जा सके।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल, पार्षदगण, लोक निर्माण विभाग के विशेष सचिव हरबंस सिंह ब्रसकॉन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।