हमीरपुर।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जोलसप्पड़ में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करते हुए सांसद अनुराग ठाकुर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज परियोजना का झूठा श्रेय लेने के बजाय अनुराग ठाकुर को बताना चाहिए कि पिछले 20 वर्षों में सांसद रहते हुए उन्होंने क्षेत्र के लिए क्या योगदान दिया है।
रविवार को मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज परिसर में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास किया और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जोलसप्पड़ मेडिकल कॉलेज यूपीए सरकार की देन है और वर्तमान कांग्रेस सरकार ने इसके निर्माण के लिए प्रदेश सरकार के हिस्से का बजट उपलब्ध करवाया है।
189 करोड़ केंद्र ने दिए, बाकी खर्च प्रदेश सरकार ने उठाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में तत्कालीन केंद्र सरकार ने मेडिकल कॉलेज के लिए 189 करोड़ रुपये मंजूर किए थे, जबकि अब परियोजना की लागत करीब 500 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। उन्होंने दावा किया कि 189 करोड़ रुपये के अलावा जो भी अतिरिक्त धनराशि खर्च हुई है, वह वर्तमान कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के खजाने से उपलब्ध करवाई है।
5 से 10 जुलाई के बीच नए परिसर में होगा शिफ्ट
मुख्यमंत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेज को 5 से 10 जुलाई के बीच जोलसप्पड़ स्थित नए परिसर में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्थान को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है और यहां एम्स दिल्ली की तर्ज पर स्वास्थ्य सेवाएं विकसित की जाएंगी। मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
पांचों मेडिकल कॉलेजों में बनेंगी वर्ल्ड क्लास लैब
सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के पांचों मेडिकल कॉलेजों में विश्वस्तरीय प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। इसके लिए 150 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और यह राशि प्रदेश सरकार उपलब्ध करा रही है।
जेपी नड्डा को भी रखनी चाहिए पूरी जानकारी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के जाइका परियोजना को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन हजार करोड़ रुपये की सहायता की बात की जा रही है, जबकि अभी तक जाइका के साथ औपचारिक अनुबंध ही नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते उन्हें तथ्यों की पूरी जानकारी रखनी चाहिए।