बिलासपुर।
जिले के घुमारवीं उपमंडल के कन्दरौर क्षेत्र स्थित नाल्टी गांव में एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। मृतक की पहचान राहुल (4) निवासी गांव नेवाड़, डाकघर मानपुरा, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि राहुल के माता-पिता एक निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल पर काम कर रहे थे, जबकि मासूम दूसरी मंजिल पर खेल रहा था। इसी दौरान खेलते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। हादसे में बच्चे को गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई सांसों की डोर
घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल राहुल को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर लेकर पहुंचे। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।