मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: 15 किलो चरस के साथ कुल्लू के दो तस्कर गिरफ्तार

सार

रेलवे स्टेशन पर नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

2 मिनट
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: 15 किलो चरस के साथ कुल्लू के दो तस्कर गिरफ्तार

चंडीगढ़

रेलवे स्टेशन पर नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15 किलो 10 ग्राम चरस बरामद की है। पकड़े गए आरोपी चरस की इस खेप को ट्रेन के जरिए मुंबई ले जाने की फिराक में थे।

GRP थाना एसएचओ के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि 11 फरवरी की रात दो युवक भारी मात्रा में चरस लेकर मुंबई जाने के लिए स्टेशन पहुँचने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई और आने-जाने वाले संदिग्धों पर नज़र रखने के लिए एक विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया गया।

रात करीब 11 बजे, दो युवक ट्रॉली बैग के साथ स्टेशन परिसर में दाखिल हुए। उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस टीम ने उन्हें रोककर तलाशी ली। जब उनके ट्रॉली बैग को खोला गया, तो कपड़ों के नीचे छिपाकर रखी गई प्लास्टिक की थैलियां बरामद हुईं। थैलियों की जांच करने पर उनमें चरस पाई गई, जिसका कुल वजन 15 किलो 10 ग्राम निकला।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल और रमजान के रूप में हुई है। दोनों आरोपी हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के भुंतर के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए वे चरस की यह खेप कुल्लू से लेकर आए थे। कुल्लू से वे बस के जरिए पंचकूला पहुंचे। पंचकूला से वे चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन आए, जहाँ से उन्हें ट्रेन पकड़कर मुंबई जाना था।

GRP चंडीगढ़ ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act (स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि वे यह चरस कुल्लू में किससे लेकर आए थे और मुंबई में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी।

इस खबर के विषय

  • Chandigarh Railway Station
  • drug smuggling
  • charas
  • Kullu smugglers
  • Government Railway Police
  • GRP operation

इस खबर को शेयर करें