मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

कूड़ा फेंकने वालों पर हो सख्त कार्रवाई : नीलम कुमारी

सार

करियां–भड़ियां मार्ग पर अवैध रूप से कचरा फेंके जाने की बढ़ती घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जिला परिषद अध्यक्ष डॉ. नीलम सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की है।

2 मिनट
कूड़ा फेंकने वालों पर हो सख्त कार्रवाई : नीलम कुमारी

चंबा।

करियां–भड़ियां मार्ग पर अवैध रूप से कचरा फेंके जाने की बढ़ती घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जिला परिषद अध्यक्ष डॉ. नीलम सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उनके अनुसार इस मार्ग पर प्रतिदिन रीसाइकिल होने वाला कचरा, निर्माण व तोड़फोड़ का मलबा, प्लास्टिक कचरा, किचन वेस्ट और अन्य प्रकार का कचरा फेंका जा रहा है, जिससे मार्ग बाधित हो रहा है और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है।

डॉ. नीलम ने बताया कि कुछ लोग कचरे को जला भी देते हैं, जिससे वातावरण प्रदूषित होता है और आसपास के गांवों में दुर्गंध फैल जाती है। इस समस्या को लेकर उन्होंने डीसी चंबा मुकेश रेप्सवाल को ज्ञापन सौंपा है। बताया गया कि वह पिछले तीन वर्षों से लगातार इस मुद्दे को उठा रही हैं और प्रशासन को पत्राचार के माध्यम से कई बार अवगत करवा चुकी हैं।

प्रशासन और विभागों पर उदासीनता का आरोप : डॉ. नीलम ने बताया कि जिला परिषद की बैठकों में इस समस्या को वन विभाग, पुलिस विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और NHPC प्रबंधन के समक्ष कई बार उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक किसी भी विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने आशंका जताई कि इस अवैध कार्य में मिलीभगत भी हो सकती है, क्योंकि कचरा फेंकने वाले लोगों को न तो प्रशासन का डर है और न ही पुलिस का। उन्होंने यह भी कहा कि इस स्थान पर कचरा फेंककर पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अधिनियम 1981 का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है।

सीसीटीवी लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग : डॉ. नीलम ने प्रशासन से मांग की है कि इन संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस कुकृत्य को नहीं रोका गया, तो आने वाले वर्षों में यहां कचरे का पहाड़ खड़ा हो जाएगा। जिला परिषद अध्यक्ष ने समस्त ग्रामीणों की ओर से तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि पर्यावरण और मार्ग दोनों को सुरक्षित रखा जा सके।

इस खबर को शेयर करें