हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण लगातार नुकसान की घटनाएं सामने आ रही हैं। जिला चंबा के सरोल क्षेत्र में मंगलवार रात पहाड़ी से चट्टानें गिरने और भूस्खलन होने से एक मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
राहत की बात यह रही कि घटना के समय मकान में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
यह मकान प्रविंद्र कुमार निवासी सरोल, तहसील व जिला चंबा का बताया जा रहा है। चट्टानें गिरने से मकान मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घर के अंदर रखा सामान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
खतरे को देखते हुए घर छोड़कर गया था परिवार
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात हुई भारी बारिश के बाद पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिर रहा था। खतरे को देखते हुए परिवार ने घर छोड़कर रिश्तेदार के यहां शरण ले ली थी।
ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार रात भी परिवार ने डर के माहौल में समय बिताया था। इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से मकान को लॉक कर सभी लोग रिश्तेदार के घर चले गए।
मंगलवार रात करीब 12 बजे पहाड़ी से बड़ी चट्टानें गिरकर मकान के लेंटल पर आ गिरीं, जिससे पूरा घर क्षतिग्रस्त हो गया।
धमाके की आवाज से सहमे ग्रामीण
रात के समय चट्टानें गिरने से हुए जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी सहम गए।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले हुई भारी बारिश में भी क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ था। कई घरों में मलबा और पानी घुस गया था, वाहन मलबे में दब गए थे और सड़कें व रास्ते प्रभावित हुए थे।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण लोग अभी भी दहशत में हैं।
सड़क निर्माण से बढ़ा खतरा: ग्रामीण
प्रधान ग्राम पंचायत सरोल विजय कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने चिंता जताई है कि गांव के ऊपर की ओर हुए सड़क निर्माण कार्य के कारण भूस्खलन और चट्टानें गिरने का खतरा बढ़ गया है।
उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा उपाय करने और प्रभावित स्थानों का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
प्रशासन ने दी राहत राशि
एसडीएम चंबा चिराग शर्मा ने बताया कि सरोल गांव में भूस्खलन और चट्टानें गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि घटना के समय परिवार घर में मौजूद नहीं था, इसलिए सभी लोग सुरक्षित हैं। संबंधित पटवारी ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और रिपोर्ट तैयार की।
प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube