कुईरू गांव में मारपीट के दौरान हुआ हादसा, आरोपी हरदीश कुमार को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया
पुलिस थाना अर्की के अंतर्गत आने वाले कुईरू गांव में मामूली कहासुनी के बाद हुई घटना में एक 56 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, महिला अपने बेटे को बचाने के लिए मौके पर पहुंची थी, जहां आरोपी द्वारा धक्का दिए जाने के बाद वह करीब 10 फीट नीचे डंगे पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतका की पहचान मीना देवी (56) के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी हरदीश कुमार उर्फ हनी को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
बेटे के साथ मारपीट के दौरान पहुंची थी महिला
पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब आरोपी हरदीश कुमार ने मीना देवी के बेटे शुभम का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर शुभम की मां मीना देवी मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव करने लगीं। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिर गईं और उनके सिर पर गंभीर चोट आई।
उन्हें तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल अर्की ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेटे ने पुलिस को बताया घटनाक्रम
मृतका के बेटे शुभम ने पुलिस को बताया कि वह शाम के समय घर के पास सड़क पर टहल रहा था, तभी हरदीश कुमार ने उसका गला पकड़ लिया।
शुभम के अनुसार, किसी तरह वह वहां से बचकर निकला और अपनी मां को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसकी मां और पत्नी मौके पर पहुंचीं।
शुभम ने आरोप लगाया कि आरोपी ने दोबारा उसके साथ मारपीट की और जेब से शराब की बोतल निकालकर हमला करने का प्रयास किया। बचाव के दौरान बोतल टूट गई। इसी दौरान बीच-बचाव कर रही मीना देवी को आरोपी ने धक्का दे दिया।
शुभम की पत्नी के साथ भी धक्का-मुक्की होने की बात सामने आई है। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक सोलन, डीएसपी दाड़लाघाट और थाना प्रभारी अर्की मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने आरोपी हरदीश कुमार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक सोलन टी. साई वर्मा ने बताया कि मृतका का पोस्टमार्टम आईजीएमसी शिमला में करवाया गया है और शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube