मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

रिकॉर्ड समय में बहाल हुआ 14,500 फीट ऊँचा साच पास, पांगी घाटी के लिए बड़ी राहत

सार

लोक निर्माण विभाग ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए करीब 14,500 फीट की ऊँचाई पर स्थित सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चम्बा-किलाड़ वाया साच पास मार्ग को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया है।

2 मिनट
रिकॉर्ड समय में बहाल हुआ 14,500 फीट ऊँचा साच पास, पांगी घाटी के लिए बड़ी राहत

चम्बा।

लोक निर्माण विभाग ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए करीब 14,500 फीट की ऊँचाई पर स्थित सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चम्बा-किलाड़ वाया साच पास मार्ग को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया है।

विकट परिस्थितियों और भारी बर्फबारी के बावजूद विभाग ने इस बार रिकॉर्ड समय में बर्फ हटाकर मार्ग पर आवाजाही शुरू करने में सफलता पाई है। विभाग द्वारा सरकारी वाहनों के जरिए सफल ट्रायल करने के बाद अब मार्ग को यातायात के लिए हरी झंडी दे दी गई है।

750 किलोमीटर का सफर अब मात्र 172 KM

साच पास मार्ग के खुलने से जनजातीय क्षेत्र पांगी के हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है। सर्दियों में भारी हिमपात के कारण यह मार्ग बंद हो जाता था, जिससे पांगी घाटी के लोगों को जिला मुख्यालय चम्बा पहुँचने के लिए वाया जम्मू या कुल्लू होकर करीब 750 किलोमीटर का लंबा और थकाऊ सफर तय करना पड़ता था।

अब मार्ग बहाल होने से यह दूरी घटकर मात्र 172 किलोमीटर रह गई है, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।

10 मशीनों और दिन-रात की मेहनत से मिली सफलता

लोक निर्माण विभाग चम्बा के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि विभाग की टीम ने इस बार युद्ध स्तर पर काम किया। अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता और फील्ड स्टाफ ने 10 अत्याधुनिक मशीनों की मदद से बर्फ की ऊंची दीवारों को काटकर रास्ता तैयार किया।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष यह मार्ग 27 मई को खुला था, लेकिन इस बार टीम की मुस्तैदी से इसे काफी पहले बहाल कर दिया गया है। फिलहाल मार्ग से छोटे वाहनों को गुजरने की अनुमति दी गई है और तंग हिस्सों को दुरुस्त करने का काम भी साथ-साथ जारी है।

इस खबर को शेयर करें