मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

चुवाड़ी नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने जताया जनता का आभार

सार

नगर पंचायत चुवाड़ी के चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है, जिसके बाद हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने चुवाड़ी की जनता का हार्दिक आभार प्रकट किया है।

2 मिनट
चुवाड़ी नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने जताया जनता का आभार

चम्बा।

नगर पंचायत चुवाड़ी के चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है, जिसके बाद हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने चुवाड़ी की जनता का हार्दिक आभार प्रकट किया है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय मतदाताओं ने कांग्रेस समर्थित सात में से पांच प्रत्याशियों को विजयी बनाकर नगर पंचायत की कमान उन्हें सौंपी है। कुलदीप पठानिया ने दावा किया कि यद्यपि यह चुनाव आधिकारिक पार्टी चिन्ह पर नहीं लड़े गए थे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने पूरे प्रदेश में अपने उम्मीदवार घोषित किए थे, इसके बावजूद भाजपा को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है।

चम्बा के तीनों नगर निकायों से भाजपा का सफाया: पठानिया

विधानसभा अध्यक्ष ने हिमाचल की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि सूबे की कांग्रेस सरकार को अपने साढ़े तीन साल के कार्यकाल के दौरान केंद्र सरकार की ओर से कई राजनीतिक अड़चनों और परेशानियों का सामना करना पड़ा है।

इसके बावजूद, प्रदेश की जनता ने कांग्रेस की विकासवादी नीतियों और विचारधारा का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने बड़े दावे के साथ कहा कि जिला चम्बा के तीनों नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारतीय जनता पार्टी का पूर्ण रूप से सूपड़ा साफ कर दिया है।

चुवाड़ी के सात में से पांच वार्डों पर कांग्रेस समर्थित पार्षदों का कब्जा

चुवाड़ी नगर पंचायत के चुनावी नतीजों के तहत सात में से पांच वार्डों में कांग्रेस समर्थित पार्षद मजबूती से जीत दर्ज कर सामने आए हैं। विजयी उम्मीदवारों में वार्ड नंबर एक से रूही देवी, वार्ड नंबर दो से पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह चाढक, वार्ड नंबर चार से अनीता देवी और वार्ड नंबर छह से नितिका जमवाल शामिल हैं।

वहीं, वार्ड नंबर तीन से कुलभूषण धीमान पहले ही निर्विरोध पार्षद चुने जा चुके हैं। इस बहुमत के बाद अब नगर पंचायत चुवाड़ी में कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का बनना तय हो गया है।

जीत के जश्न में उमड़े कांग्रेस दिग्गज और कार्यकर्ता

इस ऐतिहासिक जीत के बाद आयोजित आभार कार्यक्रम और जश्न के माहौल में कांग्रेस के कई शीर्ष नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय सिंह कंवर, वन निगम बोर्ड के अध्यक्ष कृष्ण चंद चेला, हिप्र राज्य को-ऑपरेटिव बैंक के निदेशक राजकुमार चंबियाल,

जिला महासचिव राजीव कौशल, वूल फेडरेशन के निदेशक अजय सिंह और युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनजीत सिंह सहित भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

इस खबर को शेयर करें