मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

BSNL के 26 साल: कांगड़ा-चंबा की 300 पंचायतें फाइबर से जुड़ीं, मणिमहेश के धनछो तक पहुंचा नेटवर्क

सार

BSNL के 26वें स्थापना दिवस पर धर्मशाला में कांगड़ा-चंबा में डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार की जानकारी दी गई। BSNL के अनुसार करीब 300 पंचायतें फाइबर नेटवर्क से जुड़ चुकी हैं। इस वर्ष मणिमहेश यात्रा के दौरान धनछो तक भी नेटवर्क सुविधा पहुंचाई गई।

TV Incharge

3 मिनट
BSNL के 26 साल: कांगड़ा-चंबा की 300 पंचायतें फाइबर से जुड़ीं, मणिमहेश के धनछो तक पहुंचा नेटवर्क

धर्मशाला में स्थापना दिवस पर BSNL ने गिनाईं उपलब्धियां, दुर्गम क्षेत्रों में 4G और भारतनेट के विस्तार पर जोर

भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर धर्मशाला में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान कांगड़ा एवं चंबा के वरिष्ठ महाप्रबंधक डॉ. विपिन कुमार मौर्या ने BSNL की ओर से बीते वर्षों में किए गए कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि कांगड़ा और चंबा के दुर्गम क्षेत्रों तक दूरसंचार और डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

300 पंचायतें फाइबर नेटवर्क से जुड़ीं

डॉ. मौर्या ने बताया कि BSNL के 4G नेटवर्क विस्तार के लिए पिछले दो वर्षों में दो प्रमुख परियोजनाओं पर काम किया गया है। इनमें डिजिटल भारत निधि के तहत ‘सैचुरेशन प्रोजेक्ट’ और BSNL का ‘फेज-9.2’ प्रोजेक्ट शामिल है। इसके अलावा अमेंडेड भारतनेट कार्यक्रम के चरण-3 के तहत धर्मशाला व्यवसायिक क्षेत्र को भी शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि कांगड़ा और चंबा के संबंधित ब्लॉकों में भारतनेट के तहत फाइबर नेटवर्क का काम शुरू किया गया है। कांगड़ा में 15 और चंबा में 6 ब्लॉकों में कार्य किया जा रहा है। पांगी को अलग व्यवसायिक क्षेत्र के तहत रखा गया है। BSNL के अनुसार अब तक करीब 300 पंचायतों को फाइबर नेटवर्क से जोड़ा जा चुका है।

दुर्गम क्षेत्रों में लोगों को मिलेगा डिजिटल सेवाओं का लाभ

BSNL के वरिष्ठ महाप्रबंधक ने कहा कि फाइबर कनेक्टिविटी का सबसे बड़ा लाभ हिमाचल के दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मिलेगा। इंटरनेट सुविधा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोग घर बैठे ई-बैंकिंग, ई-शिक्षा, ई-हेल्थ और विभिन्न सरकारी डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि आधार कार्ड और निर्वाचन पहचान पत्र सहित कई सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन भी घर से किए जा सकेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच और सुविधा बढ़ाने में मदद मिलेगी।

मणिमहेश यात्रा में धनछो तक पहुंचा BSNL नेटवर्क

डॉ. मौर्या ने बताया कि इस वर्ष मणिमहेश यात्रा के दौरान BSNL की टीम ने करीब डेढ़ महीने तक धनछो में कैंपिंग कर नेटवर्क सेवाओं को मजबूत किया। हड़सर में टावर को रेडिएट करवाने के साथ धनछो में भी नेटवर्क सुविधा उपलब्ध करवाई गई।

उन्होंने बताया कि धनछो का सिग्नल गौरीकुंड से आगे तक पहुंच रहा था। इससे मणिमहेश यात्रा पर पहुंचे श्रद्धालुओं को अपने परिजनों से संपर्क बनाए रखने में सुविधा मिली। यात्रा के दौरान स्थापित नेटवर्क सुविधा को अन्य उपभोक्ताओं के लिए भी उपलब्ध रखा गया।

उन्होंने कहा कि BSNL की टीम आपदा और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार तैयार रहती है।

भारत में विकसित 4G तकनीक पर जोर

डॉ. मौर्या ने बताया कि BSNL के 4G नेटवर्क में इस्तेमाल की जा रही तकनीक भारत में विकसित की गई है। उन्होंने कहा कि भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल है जो इस तरह की दूरसंचार तकनीक विकसित कर रहे हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भारत अपनी स्वदेशी दूरसंचार तकनीक को दूसरे देशों तक पहुंचाने की दिशा में भी आगे बढ़ेगा। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों से BSNL की स्वदेशी तकनीक और सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर नेटवर्क सेवाओं में लगातार सुधार किया जाएगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें