मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

आग से झुलसे बीएसएफ जवान ने ली अंतिम सांस, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

सार

उपमंडल अंब के तहत एक दुखद हादसे में बीएसएफ के जवान दिनेश कुमार का निधन हो गया।

2 मिनट
आग से झुलसे बीएसएफ जवान ने ली अंतिम सांस, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

ऊना।

उपमंडल अंब के तहत एक दुखद हादसे में बीएसएफ के जवान दिनेश कुमार का निधन हो गया। बीएसएफ के वर्ष 2007 बैच के सिपाही दिनेश कुमार (39) छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। बताया जा रहा है कि बीती 3 मई को घर में चाय बनाते समय अचानक गैस लीकेज होने से आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।

परिजनों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पीजीआई में कई दिनों तक उनका उपचार चलता रहा, लेकिन जिंदगी की जंग लड़ते हुए शनिवार रात करीब 11:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। जवान के निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

रविवार को उनका अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग, रिश्तेदार, सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। बीएसएफ की ओर से सहायक प्रशिक्षण केंद्र खड़का, होशियारपुर से जवानों की टुकड़ी श्रद्धांजलि देने पहुंची और दिवंगत जवान को सलामी देकर अंतिम विदाई दी।

दिवंगत दिनेश कुमार अपने पीछे पत्नी सुदेश कुमारी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। जवान की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्र के लोग लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। पूर्व विधायक बलवीर चौधरी ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस खबर को शेयर करें