मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

अनूप महाजन के समर्थन में उतरे पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग, ओहर क्षेत्र में किया धुआंधार प्रचार

सार

जिला परिषद के जांगला वार्ड से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी अनूप महाजन के चुनाव प्रचार अभियान को सोमवार को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग और झंडूता के विधायक जेआर कटवाल उनके समर्थन में धुआंधार प्रचार करने ओहर क्षेत्र पहुंचे।

2 मिनट
अनूप महाजन के समर्थन में उतरे पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग, ओहर क्षेत्र में किया धुआंधार प्रचार

बिलासपुर

जिला परिषद के जांगला वार्ड से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी अनूप महाजन के चुनाव प्रचार अभियान को सोमवार को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग और झंडूता के विधायक जेआर कटवाल उनके समर्थन में धुआंधार प्रचार करने ओहर क्षेत्र पहुंचे।

बीजेपी के इन दिग्गज नेताओं ने प्रत्याशी अनूप महाजन और भारी संख्या में मौजूद समर्थकों के साथ ओहर क्षेत्र में 'डोर टू डोर' (घर-घर जाकर) सघन जनसंपर्क अभियान चलाया और लोगों से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की भावुक अपील की।

जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा विकास और जनहित की राजनीति में विश्वास रखती है।

उन्होंने सुक्खू सरकार की विफलताओं को गिनाने के साथ ही केंद्र की मोदी सरकार और पूर्व राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों की याद दिलाई। गर्ग ने दावा किया कि जांगला वार्ड की जनता का झुकाव पूरी तरह भाजपा की तरफ है और अनूप महाजन को मिल रहा भारी जनसमर्थन इस बात का गवाह है कि क्षेत्र में विकास को नई दिशा मिलने वाली है।

चुनाव मैदान में डटे भाजपा प्रत्याशी अनूप महाजन ने मतदाताओं से अपने चुनाव चिन्ह “ताला-चाबी” पर बटन दबाकर भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता से मिल रहा अपार स्नेह और बुजुर्गों का आशीर्वाद उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

महाजन ने भरोसा दिलाया कि यदि वार्ड की जनता उन्हें सेवा का मौका देती है, तो वह सड़कों, पेयजल, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को अपनी पहली प्राथमिकता बनाएंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दिग्गज नेताओं की एंट्री के बाद अनूप महाजन का यह जनसंपर्क अभियान अब सीधे जीत की ओर अग्रसर दिखाई दे रहा है।

इस खबर को शेयर करें