मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हाथों में लालटेन लेकर DC दफ्तर के बाहर धरने पर बैठी स्वतंत्रता सेनानी की 90 वर्षीय पत्नी, रो-रोकर मांगी न्याय की भीख!

सार

हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर से व्यवस्था और प्रशासन को झकझोर देने वाला एक बेहद भावुक और गंभीर मामला सामने आया है।

3 मिनट
हाथों में लालटेन लेकर DC दफ्तर के बाहर धरने पर बैठी ��स्वतंत्रता सेनानी की 90 वर्षीय पत्नी, रो-रोकर मांगी न्याय की भीख!

बिलासपुर:

हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर से व्यवस्था और प्रशासन को झकझोर देने वाला एक बेहद भावुक और गंभीर मामला सामने आया है। उपमंडल घुमारवीं के तहत आने वाली ग्राम पंचायत करलोटी से एक स्वतंत्रता सेनानी की 90 वर्षीय बुजुर्ग पत्नी राम प्यारी न्याय और सुरक्षा की गुहार लेकर उपायुक्त (DC) कार्यालय परिसर के बाहर हाथों में जलती हुई लालटेन

लेकर धरने पर बैठ गईं। बुजुर्ग महिला ने गांव के ही कुछ रसूखदार लोगों पर मारपीट करने, प्रताड़ित करने और उनके पुश्तैनी मकान की मरम्मत न करने देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुश्तैनी मकान की छत गल चुकी है, बरसात में गिरने का खतरा

शिकायतकर्ता राम प्यारी (पत्नी स्वर्गीय अमर नाथ डोगरा, स्वतंत्रता सेनानी) निवासी गांव व डाकखाना करलोटी, तहसील घुमारवीं ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि उनके पुश्तैनी मकान की लकड़ी की छत पूरी तरह से गल-सड़ चुकी है और कभी भी गिर सकती है।

जब उन्होंने इस जर्जर मकान की सुरक्षा के लिए मिस्त्री लगाकर मरम्मत का कार्य शुरू करवाया, तो गांव के ही एक रसूखदार परिवार ने काम को जबरन रुकवा दिया।

जमीन की तक्सीम न होने का विवाद, स्टे में मरम्मत की छूट

बुजुर्ग महिला के अनुसार, जिस जमीन पर उनका यह पुराना मकान बना है, उसकी अभी तक आधिकारिक तक्सीम (बंटवारा) नहीं हुई है और मामला कोर्ट में होने के कारण स्टे लगा है। हालांकि, इस स्टे ऑर्डर में मकान के मरम्मत कार्य (रिपेयरिंग) को करने की स्पष्ट अनुमति दी गई है। इसके बावजूद विपक्षी परिवार उन्हें मकान की छत बदलने नहीं दे रहा है।

आरोप है कि जब भी वे घर को ठीक करने की कोशिश करती हैं, तो उनके साथ मारपीट की जाती है और बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं। बुजुर्ग महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ समय पहले इसी परिवार ने उन पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें उनके सिर पर 15 टांके आए थे।

जर्जर मकान में सांप के डसने से पहले ही हो चुकी है पोती की मौत

90 वर्षीय राम प्यारी को ठीक से दिखाई और सुनाई भी नहीं देता है। उनके बेटे काम के सिलसिले में राज्य से बाहर रहते हैं, जिसके कारण वह घर पर अपनी पुत्रवधू और छोटे-छोटे पोते-पोतियों के साथ इस खतरनाक मकान में रहने को मजबूर हैं।

उन्होंने रोते हुए एक बेहद दर्दनाक वाकया साझा किया कि इसी जर्जर और पुराने मकान की खस्ताहाली के कारण कुछ समय पहले उनकी मासूम पोती की सांप के काटने से मौत हो चुकी है।

घर की दीवारें टूटी होने के कारण अब भी वहां से लगातार सांप निकल रहे हैं, जिससे हर पल परिवार पर मौत का साया मंडराता रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि घुमारवीं प्रशासन और स्थानीय पुलिस से बार-बार गुहार लगाने के बाद भी उन्हें कोई सहयोग नहीं मिला, जिससे तंग आकर उन्हें बिलासपुर मुख्यालय आकर धरने पर बैठना पड़ा।

मामला संज्ञान में आया है, प्राथमिकता पर होगी तक्सीम: उपायुक्त

इस पूरे मामले पर संवेदनशीलता दिखाते हुए उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि बुजुर्ग महिला अपनी शिकायत लेकर उनके पास आई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एसडीएम (SDM) घुमारवीं को निर्देश जारी किए गए हैं कि बुजुर्ग महिला की जमीन की तक्सीम का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

उपायुक्त ने बताया कि दोपहर के बाद प्रशासनिक फील्ड स्टाफ को भी मौके की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए करलोटी गांव भेजा गया है और पीड़ित परिवार को न्याय व सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें