मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

बड़सर में हाई वोल्टेज ड्रामा: कुल्हेड़ा में आधी रात पहुंचे विधायक लाखनपाल, जनता ने लगाए 'गो बैक' के नारे

सार

बड़सर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुल्हेड़ा में मंगलवार रात उपप्रधान पद के चुनाव नतीजों के दौरान अभूतपूर्व सियासी ड्रामा देखने को मिला।

अपडेट: 2 मिनट
बड़सर में हाई वोल्टेज ड्रामा: कुल्हेड़ा में आधी रात पहुंचे विधायक लाखनपाल, जनता ने लगाए 'गो बैक' के नारे

बड़सर (हमीरपुर)

बड़सर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुल्हेड़ा में मंगलवार रात उपप्रधान पद के चुनाव नतीजों के दौरान अभूतपूर्व सियासी ड्रामा देखने को मिला। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद जहां एक तरफ जश्न का माहौल था, वहीं दूसरी तरफ आधी रात को स्थानीय विधायक इंद्र दत्त लाखनपाल की एंट्री से माहौल पूरी तरह गरमा गया।

विधायक के पहुँचते ही वहाँ मौजूद जनता बिफर गई और देखते ही देखते घटना स्थल "विधायक गो बैक" के नारों से गूंज उठा।

मात्र 1 वोट से हुआ उपप्रधान पद का फैसला

कुल्हेड़ा पंचायत में उपप्रधान पद के लिए मुकाबला बेहद कांटे का और रोमांचक रहा। अंतिम नतीजों में विजय ने अपने प्रतिद्वंद्वी इंद्र को मात्र 1 वोट के बेहद मामूली अंतर से हराकर उपप्रधान पद पर कब्जा जमा लिया। एक वोट की इस नजदीकी हार-जीत ने पहले ही माहौल में तनाव पैदा कर रखा था, जो विधायक के आगमन के बाद सियासी टकराव में बदल गया।

आधी रात को विधायक की एंट्री पर भड़के कांग्रेस नेता

रात करीब 12 बजे जब विधायक इंद्र दत्त लाखनपाल परिणाम स्थल पर पहुँचे, तो कांग्रेस नेता डैनी जसवाल ने उन्हें सीधे आड़े हाथों ले लिया। डैनी ने तीखे अंदाज में विधायक की मौजूदगी पर सवाल उठाते हुए कहा:

जब विधायक लाखनपाल कांग्रेस में थे, तब कार्यकर्ताओं ने बीडीसी प्रधान तक के चुनाव लड़े लेकिन विधायक कभी उनके समर्थन में नहीं पहुँचे। उन्होंने वर्षों तक विधायक के लिए अपना खून-पसीना एक किया, लेकिन वे पहले कभी पंचायत स्तर के चुनावों में इस तरह सक्रिय नजर नहीं आए।

फिर आखिर ऐसी क्या नौबत आ गई कि विधायक को आधी रात को खुद यहाँ आना पड़ा? कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विधायक द्वारा अब छोटे स्तर के पंचायत चुनावों को भी जबरन पार्टीबाज़ी का रंग दिया जा रहा है।

क्या है इस ड्रामे के पीछे की 'इनसाइड स्टोरी'?

पूरे क्षेत्र में चर्चा है कि चुनाव में उपप्रधान का पद हारने वाले प्रत्याशी 'इंद्र' लंबे समय तक विधायक लाखनपाल के साथ कांग्रेस में सक्रिय रहे थे। जब विधायक लाखनपाल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए, तो इंद्र भी उनके साथ भाजपा में चले गए थे।

इसी पुरानी राजनीतिक नजदीकी और वफादारी के कारण विधायक खुद को रोक नहीं पाए और रात 12 बजे ही परिणाम स्थल पर पहुँच गए, जो अंततः इस भारी विरोध और नारेबाजी की वजह बन गया।

इस खबर को शेयर करें