मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

बाबा बालक नाथ मंदिर चढ़ावे में धांधली के आरोपों का खंडन, मंदिर प्रशासन ने कहा- रिकॉर्ड पूरी तरह सही

सार

दियोटसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में चढ़ावे में गड़बड़ी की खबरों का मंदिर प्रशासन ने खंडन किया है। मंदिर अध्यक्ष एवं उपायुक्त हमीरपुर गंधर्व राठौर ने कहा कि चांदी के चढ़ावे की सही एंट्री की गई है और केवल रिकॉर्ड में क्लेरिकल गलती सामने आई थी। मंदिर में चढ़ावे की गणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए नई SOP लागू की गई है।

2 मिनट
बाबा बालक नाथ मंदिर चढ़ावे में धांधली के आरोपों का खंडन, मंदिर प्रशासन ने कहा- रिकॉर्ड पूरी तरह सही

मंदिर अध्यक्ष एवं उपायुक्त हमीरपुर गंधर्व राठौर ने बताया कि चांदी चढ़ावे की एंट्री में क्लेरिकल गलती हुई थी, जबकि वास्तविक चढ़ावा सही पाया गया। गणना प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने के लिए नई SOP लागू की गई है।

दियोटसिद्ध स्थित प्रसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में चढ़ावे को लेकर प्रकाशित हुई खबरों का मंदिर प्रशासन ने खंडन किया है। मंदिर अध्यक्ष एवं उपायुक्त हमीरपुर गंधर्व राठौर ने स्पष्ट किया कि मंदिर में चढ़ावे को लेकर किसी भी प्रकार की धांधली नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई चांदी की मात्रा का सही रिकॉर्ड दर्ज किया गया है।

गंधर्व राठौर ने बताया कि वर्ष 2022 में मंदिर का ऑडिट करवाया गया था। इस दौरान चांदी के चढ़ावे की ऑनलाइन एंट्री 10.10 ग्राम दर्ज थी, जबकि स्टॉक रजिस्टर में इसकी मात्रा 11 ग्राम दर्ज की गई थी। इस अंतर को लेकर मंदिर अधिकारी से जवाब मांगा गया था।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मंदिर अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह अंतर केवल क्लेरिकल गलती के कारण हुआ था। चढ़ावे के रूप में प्राप्त चांदी की वास्तविक मात्रा सही पाई गई और इसमें किसी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई।

चढ़ावे की गणना के लिए नई SOP लागू

मंदिर अध्यक्ष गंधर्व राठौर ने बताया कि मंदिर में चढ़ावे की गणना प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए नई SOP (Standard Operating Procedure) जारी की गई है। इसके तहत चढ़ावे की गणना के लिए अब दो अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि गणना प्रक्रिया की निगरानी को मजबूत करने के लिए मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संचालित हो सके।

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे चढ़ावे और मंदिर व्यवस्था को लेकर किसी भी भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। प्रशासन मंदिर की सभी वित्तीय प्रक्रियाओं को नियमों के अनुसार संचालित कर रहा है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • बाबा बालक नाथ
  • धांधली
  • चढ़ावा
  • SOP
  • पारदर्शिता
  • सीसीटीवी
  • मंदिर प्रशासन
  • चांदी

इस खबर को शेयर करें