मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

कलम छोड़ अब संभाली राजनीति की कमान: रावला क्यार से चुनावी मैदान में उतरे पूर्व पत्रकार आतिश चौहान

सार

कोटखाई क्षेत्र की ग्राम पंचायत रावला क्यार में पंचायत चुनावों का बिगुल बजते ही सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुँच गया है।

2 मिनट
कलम छोड़ अब संभाली राजनीति की कमान: रावला क्यार से चुनावी मैदान में उतरे पूर्व प��त्रकार आतिश चौहान

शिमला।

कोटखाई क्षेत्र की ग्राम पंचायत रावला क्यार में पंचायत चुनावों का बिगुल बजते ही सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुँच गया है। सोमवार को प्रधान पद के लिए आतिश चौहान ने लाव-लश्कर के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

नामांकन के दौरान उनके समर्थकों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे यह साफ संदेश गया कि इस बार रावला क्यार का मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है।

पत्रकारिता से राजनीति तक का सफर

आतिश चौहान की उम्मीदवारी इस बार क्षेत्र में चर्चा का मुख्य विषय बनी हुई है। लंबे समय तक पत्रकारिता के माध्यम से जनता की समस्याओं और क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने वाले आतिश ने अब सीधे राजनीति के मैदान में उतरकर सेवा करने का संकल्प लिया है।

बता दें कि आतिश चौहान को पंचायत की कार्यप्रणाली का भी गहरा अनुभव है, वह इससे पहले पंचायत के उप प्रधान के रूप में अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। कलम की ताकत के बाद अब वह जनमत की ताकत के साथ विकास को नई गति देना चाहते हैं।

'विकास और युवाओं को आगे लाना ही मुख्य लक्ष्य'

नामांकन दाखिल करने के बाद आतिश चौहान ने कहा, "मेरा मुख्य उद्देश्य पंचायत के विकास को नई दिशा देना और हर गाँव तक मूलभूत सुविधाएँ पहुँचाना है। मैं चाहता हूँ कि हमारे क्षेत्र के युवा आगे आएँ और व्यवस्था परिवर्तन का हिस्सा बनें।"

उन्होंने भरोसा जताया कि पत्रकारिता के दौरान उन्होंने जो जन-सरोकार के काम किए हैं और उप प्रधान रहते हुए जो अनुभव प्राप्त किया है, जनता उसे ध्यान में रखकर उन्हें अपना भरपूर समर्थन देगी।

दिलचस्प हुआ मुकाबला

आतिश चौहान की एंट्री से रावला क्यार पंचायत में चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। नामांकन के दौरान समर्थकों के जोश और नारों ने यह संकेत दे दिया है कि इस बार चुनाव में 'विकास और अनुभव' का मुद्दा हावी रहने वाला है। अब यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा कि रावला क्यार की जनता अपने इस 'पूर्व पत्रकार' और 'पूर्व उप प्रधान' को प्रधान की कुर्सी तक पहुँचाती है या नहीं।

इस खबर को शेयर करें