मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

पीएम मोदी पर अनिरुद्ध सिंह का तीखा हमला: 'हिमाचल की इतनी चिंता है तो रिलीज करें जीएसटी का बकाया पैसा'

सार

हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार में पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर कड़ा पलटवार किया है, जिसमें पीएम ने तेलंगाना में एक रैली के दौरान हिमाचल सरकार पर कर्मचारियों को वेतन न दे पाने का आरोप लगाया था।

2 मिनट
पीएम मोदी पर अनिरुद्ध सिंह का तीखा हमला: 'हिमाचल की इतनी चिंता है तो रिलीज करें जीएसटी का बकाया पैसा'

शिमला।

हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार में पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर कड़ा पलटवार किया है, जिसमें पीएम ने तेलंगाना में एक रैली के दौरान हिमाचल सरकार पर कर्मचारियों को वेतन न दे पाने का आरोप लगाया था।

अनिरुद्ध सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि प्रधानमंत्री को वास्तव में हिमाचल की इतनी पीड़ा है, तो केंद्र सरकार राज्य का जीएसटी और अन्य फंड का बकाया पैसा क्यों नहीं रिलीज कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी पहले खुद राज्यों के काम रोकते हैं और फिर मंचों से उनकी आलोचना करते हैं।

'सोना न खरीदने की सलाह' और डॉलर की कीमतों पर घेरा

मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने प्रधानमंत्री की हालिया अपीलों पर तंज कसते हुए कहा कि टीवी पर बैठकर गप्पे मारने से देश नहीं चलता। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री जनता को सोना न खरीदने की सलाह दे रहे हैं, जबकि लोग शादियों और सुरक्षित निवेश के लिए सोना खरीदते हैं।

उन्होंने रुपये की गिरती कीमत पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब डॉलर 55 रुपये से बढ़कर 95 रुपये तक पहुँच गया है, तब प्रधानमंत्री चुप हैं। अनिरुद्ध सिंह ने आरोप लगाया कि पीएम सुबह उठते ही यह सोचने लगते हैं कि गरीबों को और गरीब कैसे बनाया जाए और उन्हें कैसे लूटा जाए।

कोरोना इंजेक्शन और हार्ट अटैक के मुद्दे पर उठाए सवाल

अनिरुद्ध सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कोरोना काल में थालियां बजवाई गईं, लेकिन उससे लोग नहीं बचे और लाखों मौतें हुईं। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उस दौरान जो इंजेक्शन करोड़ों लोगों को लगाए गए, अब उनके साइड इफेक्ट के तौर पर लोगों को हार्ट अटैक आ रहे हैं और लोग बीमार हो रहे हैं,

लेकिन प्रधानमंत्री इन मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए केवल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कमर्शियल सिलेंडर और अन्य कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भी केंद्र को आड़े हाथों लिया।

केएनएच अस्पताल शिफ्टिंग पर दी सफाई

कमला नेहरू अस्पताल (KNH) को डेंटल कॉलेज या आईजीएमसी में शिफ्ट करने के विरोध पर मंत्री ने कहा कि सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों के साथ बैठक के बाद ही यह निर्णय लिया था।

अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि कुछ चुनिंदा डॉक्टर अपनी सुविधा के लिए इसका विरोध कर रहे हैं क्योंकि वे थोड़ी दूर नहीं जाना चाहते। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार सभी संगठनों और हितधारकों से बातचीत करने के बाद ही जनहित में अंतिम फैसला लेगी।

इस खबर को शेयर करें