मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

अल्फा स्कूल बरठीं ने किया 'सेवा सदन' का गठन, 250 विद्यार्थियों ने गौशाला पहुंचकर की सेवा

सार

जिला बिलासपुर के झंडूता उपमंडल के तहत बरठीं स्थित अल्फा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को जोड़ने की दिशा में एक अनुकरणीय कदम उठाया है।

2 मिनट
अल्फा स्कूल बरठीं ने किया 'सेवा सदन' का गठन, 250 विद्यार्थियों ने गौशाला पहुंचकर की सेवा

झंडूता: जिला बिलासपुर के झंडूता उपमंडल के तहत बरठीं स्थित अल्फा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को जोड़ने की दिशा में एक अनुकरणीय कदम उठाया है। विद्यालय प्रबंधन ने छात्रों को संस्कारित बनाने और उनमें समाज सेवा की भावना जागृत करने के लिए 'सेवा सदन' का विधिवत गठन किया है।

सेवा सदन का गठन विद्यालय के प्रधानाचार्य टी.डी. शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए उनमें करुणा, आपसी सहयोग और मानवीय मूल्यों का होना अनिवार्य है। इसी सोच के साथ 'सेवा सदन' का ढांचा तैयार किया गया है, जिसकी जिम्मेदारी शशि कुमारी को सौंपी गई है।

सदन के गठन के तुरंत बाद, प्रभारी शशि कुमारी के नेतृत्व में विद्यालय के लगभग 250 विद्यार्थियों और अध्यापकों का जत्था बाबा बालक नाथ सुशीला गौशाला, घंडीर पहुंचा। वहां बच्चों ने पूरी श्रद्धा के साथ गायों को गुड़, आटा और पेड़े खिलाए। यह अनुभव बच्चों के लिए न केवल भावनात्मक रहा, बल्कि उन्होंने जीव-मात्र के प्रति दया का पाठ भी सीखा।

इस पुनीत कार्य के दौरान सेवा सदन ने गौशाला समिति के प्रधान और वहां कार्यरत कर्मचारियों के प्रति भी सम्मान व्यक्त किया। सेवा के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए उन्हें टोपी एवं मफलर भेंट कर प्रोत्साहित किया गया। गौशाला समिति के प्रधान ने स्कूल की इस पहल की सराहना करते हुए बच्चों को भारतीय संस्कृति में गौ-माता के वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी।

सेवा सदन की प्रभारी शशि कुमारी ने बताया कि यह केवल शुरुआत है। आने वाले समय में सेवा सदन के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। जरूरतमंदों की सहायता के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता रैलियां निकाली जाएंगी।

अल्फा स्कूल की इस पहल को क्षेत्र के बुद्धिजीवियों और अभिभावकों ने सराहा है, क्योंकि यह बच्चों को समाज की जमीनी हकीकत और सेवा की खुशी से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें