मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

एआईएलयू सोलन यूनिट का वार्षिक सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न

सार

जूनियर वकीलों के स्टाइपेंड, अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम और महिला अधिवक्ताओं की सुविधाओं पर हुए अहम प्रस्ताव पारित

2 मिनट
एआईएलयू सोलन यूनिट का वार्षिक सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न

सोलन, 3 जनवरी 2026: जिला अदालत परिसर सोलन में ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन (एआईएलयू) की सोलन जिला कोर्ट यूनिट का वार्षिक सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन में वकील समुदाय की भारी भागीदारी रही, जिसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से चर्चा हुई।

सम्मेलन में वकीलों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। इनमें जूनियर वकीलों के लिए सरकारी स्टाइपेंड, अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम को सख्ती से लागू करने और सीनियर वकीलों के लिए पेंशन सुविधा की मांग शामिल रही।

इसके साथ ही न्यायिक सुधारों के तहत सामाजिक अवसंरचना विकसित करने तथा वकीलों के लिए चैंबर सुविधाओं से युक्त नए कोर्ट कॉम्प्लेक्स के निर्माण की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

महिला अधिवक्ताओं से जुड़े विशेष प्रस्ताव भी सम्मेलन में पारित किए गए। इनमें महिला वकीलों के बेहतर प्रतिनिधित्व, क्रेच सुविधा, मैटरनिटी लीव और स्टाइपेंड जैसी मांगें शामिल रहीं, जिन पर वकील समुदाय में व्यापक चर्चा हुई।

सम्मेलन में सचिव नितीश ठाकुर अधिवक्ता ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने समाज सेवा और न्याय व्यवस्था को मजबूत करने में वकीलों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

राज्य अध्यक्ष निरंजन वर्मा अधिवक्ता ने सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए एआईएलयू के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा व सबको न्याय दिलाने के संकल्प को दोहराया। वहीं राज्य सचिव सुरेंद्र वर्मा अधिवक्ता ने समापन भाषण में एआईएलयू की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए सभी सदस्यों को सम्मेलन की सफलता पर बधाई दी।

सम्मेलन के अंत में 35 सदस्यीय नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें देव शर्मा अधिवक्ता को पुनः अध्यक्ष चुना गया, जबकि महासचिव पद की जिम्मेदारी भुवन ठाकुर अधिवक्ता को सौंपी गई।

अजय ठाकुर अधिवक्ता को कैशियर, भूपेंद्र ठाकुर अधिवक्ता को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, निशांत ठाकुर, कविता ठाकुर और कुशल चांटा को उपाध्यक्ष, डीसी रावत अधिवक्ता और एसपी बोध अधिवक्ता को संयुक्त सचिव चुना गया।

इस खबर के विषय

  • AILU Solan
  • annual conference
  • junior lawyers stipends
  • Advocates Protection Act
  • women lawyers facilities
  • legal profession
  • lawyer advocacy

इस खबर को शेयर करें