मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

डैहर महाविद्यालय से बीकॉम कोर्स हटाने पर ABVP का विरोध, फैसले को बताया छात्राओं के साथ अन्याय

सार

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने डैहर महाविद्यालय से बीकॉम कोर्स हटाने के प्रदेश सरकार के फैसले का विरोध किया है। संगठन ने इसे छात्राओं के हितों के खिलाफ बताते हुए निर्णय वापस न लेने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

2 मिनट
डैहर महाविद्यालय से बीकॉम कोर्स हटाने पर ABVP का विरोध, फैसले को बताया छात्राओं के साथ अन्याय

ABVP जिला सुंदरनगर ने प्रदेश सरकार के फैसले की निंदा की, जल्द निर्णय वापस न लेने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

सुंदरनगर जिला की डैहर महाविद्यालय इकाई में बीकॉम कोर्स को बंद किए जाने के प्रदेश सरकार के फैसले का अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कड़ा विरोध किया है। संगठन ने इस निर्णय को छात्राओं के हितों के खिलाफ बताते हुए इसकी तीखी निंदा की है।

ABVP के अनुसार डैहर महाविद्यालय में वर्तमान में बीए और बीकॉम दो कोर्स संचालित थे, लेकिन सरकार द्वारा अब बीकॉम कोर्स को हटाने का निर्णय लिया गया है। संगठन का कहना है कि महाविद्यालय में अधिकतर छात्राएं पढ़ती हैं और बीकॉम में भी बड़ी संख्या में छात्राएं नामांकित हैं, ऐसे में यह निर्णय उनके भविष्य पर सीधा असर डालेगा।

स्थानीय छात्रों के हितों पर असर का आरोप

ABVP ने कहा कि डैहर महाविद्यालय स्थानीय क्षेत्र का प्रमुख शैक्षणिक संस्थान है, जिसे आसपास के छात्रों को शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित किया गया था। बीकॉम कोर्स बंद होने से छात्रों को अन्य महाविद्यालयों या निजी संस्थानों की ओर रुख करना पड़ेगा, जो कई परिवारों के लिए आर्थिक रूप से संभव नहीं है।

संगठन का कहना है कि इससे खासकर छात्राओं को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि कई परिवार उन्हें दूर या महंगे संस्थानों में भेजने में सक्षम नहीं हैं।

सरकार पर लगाए आरोप

ABVP ने आरोप लगाया कि सरकार महाविद्यालय में फैकल्टी और बुनियादी सुविधाओं की कमी का हवाला देकर कोर्स बंद करने का निर्णय ले रही है, जबकि इन व्यवस्थाओं को मजबूत करना सरकार की जिम्मेदारी है। संगठन का कहना है कि इन समस्याओं का समाधान करने के बजाय कोर्स ही बंद करना गलत कदम है।

आंदोलन की चेतावनी

ABVP ने चेतावनी दी है कि यदि प्रदेश सरकार ने जल्द अपना निर्णय वापस नहीं लिया, तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार पर होगी। संगठन ने मांग की है कि बीकॉम कोर्स को तत्काल बहाल किया जाए ताकि स्थानीय छात्रों का शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित रह सके।

facebook

इस खबर के विषय

  • ABVP
  • डैहर महाविद्यालय
  • बीकॉम कोर्स
  • छात्राओं के हित
  • सरकार का निर्णय

इस खबर को शेयर करें