शाहपुर।
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कल्याड़ा स्थित इंडोर स्टेडियम में दो दिवसीय हिमाचल प्रदेश स्टेट पॉवर लिफ्टिंग, बेंच प्रेस एवं डेडलिफ्ट चैंपियनशिप का शानदार आगाज हो गया है.
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक, पॉवर लिफ्टिंग ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष तथा हिमाचल प्रदेश पॉवर लिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्य अतिथि किया.
'फिटनेस फर्स्ट द जिम, रैत' एवं 'हिमाचल प्रदेश पॉवर लिफ्टिंग एसोसिएशन' (HPPA) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस चैंपियनशिप में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लगभग 200 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का दमखश दिखा रहे हैं.
कल्याड़ा में बनेगा भव्य ओबीसी भवन
इस खास मौके पर क्षेत्रवासियों को एक बड़ी सौगात देते हुए विधायक केवल सिंह पठानिया ने कल्याड़ा में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय के लिए 50 लाख रुपये की राशि से 'ओबीसी भवन' निर्माण कराने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि इस भव्य भवन का शिलान्यास जल्द ही किया जाएगा.
कल्याड़ा इंडोर स्टेडियम में नियुक्त होंगे 3 कोच और 2 अटेंडेंट
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित किए जाने के बाद इस इंडोर स्टेडियम में पहली बार इतने बड़े स्तर का राज्य स्तरीय आयोजन हो रहा है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है.
उन्होंने स्टेडियम में खिलाड़ियों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए तीन कोच और दो अटेंडेंट नियुक्त करने का ऐलान किया ताकि युवा नशे और बुरी संगत से दूर रहकर खेल गतिविधियों में अपना भविष्य संवार सकें.
पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि
मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों के सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. सरकार द्वारा खेल पुरस्कार राशि में की गई ऐतिहासिक वृद्धि का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि:
ओलंपिक एवं पैरा ओलंपिक स्वर्ण पदक (Gold Medal): पुरस्कार राशि ₹3 करोड़ से बढ़ाकर ₹5 करोड़ की गई है.
रजत पदक (Silver Medal): पुरस्कार राशि ₹2 करोड़ से बढ़ाकर ₹3 करोड़ की गई है.
कांस्य पदक (Bronze Medal): पुरस्कार राशि ₹1 करोड़ से बढ़ाकर ₹2 करोड़ की गई है.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
इससे पहले, हिमाचल पॉवर लिफ्टिंग एसोसिएशन के संयुक्त सचिव ध्रुव सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और प्रतियोगिता की रूपरेखा सामने रखी. एसोसिएशन एवं स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य द्वारा केवल सिंह पठानिया को शाल, हिमाचली टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्कूल के बच्चों द्वारा रंगारंग भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया. इस अवसर पर एसोसिएशन के महासचिव अजीत सिंह, स्कूल प्रधानाचार्य सुमन, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता बलवीत दियोलिया, स्थानीय प्रधान सुशील कुमार, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय,
अजय चौधरी, शेर सिंह, पुष्पा देवी, निशा, सपना देवी, संजय शर्मा, संजीव पटियाल सहित भारी संख्या में खिलाड़ी और गणमान्य लोग मौजूद रहे.