गगल (कांगड़ा)।
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के चैतडू-ढगवार मार्ग पर मनेड़ के बगली गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक पंजाब नंबर की तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही एक महिला और उसकी ढाई साल की मासूम बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे के बाद जहां चीख-पुकार मच गई, वहीं घायल महिला के 12 वर्षीय बेटे ने जो साहस दिखाया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। हादसे के बाद भाग रहे कार चालक के सामने यह मासूम बच्चा निडर होकर खड़ा हो गया और उसे मौके से फरार होने नहीं दिया।
सुबह स्कूल के पास हुआ हादसा, गोद में थी बच्ची
यह दुर्घटना सुबह करीब 8:30 बजे महर्षि स्कूल के समीप हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बगली निवासी डिंपल (39) अपनी ढाई वर्षीय बेटी गिरीशा को गोद में उठाकर सड़क किनारे पैदल जा रही थी। इसी दौरान पंजाब नंबर की एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि मां और बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
12 साल के बेटे का अद्भुत साहस, ग्रामीणों ने किया पुलिस के हवाले
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद कार चालक ने इंसानियत भूलकर मौके से गाड़ी भगाकर फरार होने की कोशिश की। लेकिन घायल महिला के साथ मौजूद उसके 12 वर्षीय बेटे ने तुरंत सूझबूझ और अद्भुत साहस का परिचय दिया।
वह अपनी जान की परवाह किए बिना सड़क के बीचों-बीच कार के आगे जाकर खड़ा हो गया। बच्चे को आगे देखकर चालक को मजबूरी में ब्रेक लगानी पड़ी। इतनी देर में शोर सुनकर स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत कार चालक को दबोच लिया और गगल थाना पुलिस को सूचित कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
धर्मशाला अस्पताल में इलाज जारी, मामला दर्ज
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मां डिंपल और उनकी मासूम बेटी गिरीशा को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मामले की पुष्टि करते हुए गगल थाना प्रभारी ऊधम सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का संज्ञान ले लिया है। आरोपी कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।