ऊना I
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के उपमंडल अंब के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत ठठल (वार्ड-9) में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक महिला ने कुएं में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
मृतक महिला की पहचान रजनी पत्नी स्वर्गीय हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कुछ वर्ष पहले रजनी के पति हरजिंदर सिंह की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। पति के आकस्मिक निधन के बाद से ही रजनी काफी तनाव में रहने लगी थी और मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही थी।
मिली जानकारी के मुताबिक, वीरवार को रजनी ने घर के पास स्थित एक कुएं में अचानक छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर तुरंत मौके पर पहुँचकर भारी मशक्कत के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला। उसे आनन-फानन में सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया, लेकिन वहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि रजनी ने पहले भी एक बार आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया था।
इस घटना ने सबसे ज्यादा उन दो मासूम बेटियों को झकझोर दिया है जो अब पूरी तरह बेसहारा हो गई हैं। इन बच्चियों के सिर से पिता का साया पहले ही उठ चुका था और अब मां की मौत के बाद उनके पास कोई सहारा नहीं बचा है। बच्चों को रोता-बिलखता देख पूरा गांव भावुक है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में ले लिया है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और पुलिस ने सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है।