ऊना I
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब (कलरुही) में रेलवे ट्रैक पर हुई केमिकल इंजीनियर मुनीष की मौत के मामले में एक सनसनीखेज मोड़ आया है। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर मुनीष की पत्नी, सास-ससुर और साली के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
पिता का आरोप है कि उनके बेटे ने यह आत्मघाती कदम ससुराल पक्ष के मानसिक उत्पीड़न और धमकियों से तंग आकर उठाया था।
मृतक के पिता राजिंदर कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके 34 वर्षीय बेटे मुनीष की शादी अप्रैल 2024 में हमीरपुर की रेणुका के साथ हुई थी। रेणुका चंडीगढ़ में एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही मुनीष और उसकी पत्नी के बीच दूरियां बढ़ने लगीं।
शिकायत के अनुसार, विवाद तब और गहरा गया जब मुनीष ने अपनी पत्नी के मोबाइल में कुछ आपत्तिजनक चैट पकड़ी। इस बात का विरोध करने पर मुनीष को पत्नी और ससुराल पक्ष के गुस्से का सामना करना पड़ा। पिता का आरोप है कि मुनीष की साली ने भी उसे कई बार अपमानित किया।
राजिंदर कुमार ने पुलिस को बताया कि विवाद सिर्फ बहस तक सीमित नहीं रहा आरोप है कि हमीरपुर में मुनीष के साथ ससुराल पक्ष ने हाथापाई की थी। फरवरी माह में चंडीगढ़ में हुई एक मुलाकात के दौरान मुनीष को बुरी तरह प्रताड़ित किया गया और दोबारा वहां न आने की धमकी दी गई।
बार-बार मिल रही धमकियों और 'देख लेने' की चेतावनियों के कारण मुनीष गहरे मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में चला गया था।
बीती 7 मार्च को मुनीष सुबह करीब 8 बजे रेलवे ट्रैक पर गया था। पहले इसे एक दुर्घटना माना जा रहा था कि टहलते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया। दौलतपुर चौक से अंबाला जा रही पैसेंजर ट्रेन के लोको पायलट ने घायल मुनीष को अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन इलाज से पहले ही उसकी मौत हो गई थी।
अब पिता ने स्पष्ट किया है कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि ससुराल की प्रताड़ना से तंग आकर उठाया गया कदम था।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर BNS की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पत्नी, सास-ससुर और साली के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। कानून के अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।