रणजीत सिंह ने पुलिस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने का लगाया आरोप, SP सचिन हिरेमठ बोले- मुख्य आरोपी की पहचान, जल्द होगी गिरफ्तारी
जिले में चोरी हुई मोटरसाइकिल का सुराग न मिलने पर बंगाणा तहसील के गांव दगड़ाह निवासी रणजीत सिंह ने पुलिस अधीक्षक ऊना से गुहार लगाई है। उन्होंने अपने बेटे की मोटरसाइकिल जल्द बरामद करवाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। रणजीत सिंह का बेटा भारतीय सेना में कार्यरत है। शिकायतकर्ता ने पुलिस पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने का आरोप भी लगाया है।
6 सितंबर को चोरी हुई थी मोटरसाइकिल
रणजीत सिंह पुत्र चूहड़ू राम के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को चक्क सराएं गुग्गा से उनके बेटे की मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। घटना के दिन ही उनके बेटे ने 112 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके अगले दिन अम्ब पुलिस थाने में भी लिखित शिकायत दी गई।
रणजीत सिंह ने बताया कि उनका बेटा भारतीय सेना में कार्यरत है और मोटरसाइकिल की तलाश में पुलिस की मदद करने के लिए उसने अपनी 15 दिन की छुट्टी तक बढ़वाई। उन्होंने ऊना तक की सीसीटीवी फुटेज एकत्रित कर अम्ब थाना पुलिस को भी सौंपी, लेकिन इसके बावजूद मोटरसाइकिल का पता नहीं चल पाया है।
दो आरोपियों को पकड़ने की जानकारी मिलने पर उठाए सवाल
शिकायतकर्ता के मुताबिक, करीब 20 दिन पहले डीएसपी अम्ब ने उन्हें थाने बुलाया था। वहां उन्हें बताया गया कि मोटरसाइकिल चोरी के मामले में दो लड़कों को पकड़ लिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है। रणजीत सिंह के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों की मोटरसाइकिल भी अम्ब थाने में जब्त कर रखी है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया है, तो उनके बेटे की चोरी हुई मोटरसाइकिल अभी तक बरामद क्यों नहीं की गई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच करवाकर मोटरसाइकिल जल्द बरामद करने की मांग की है।
शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने का आरोप
रणजीत सिंह ने आरोप लगाया कि 1100 नंबर पर की गई शिकायत को वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर इस आरोप की भी जांच करने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
एसपी बोले- मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है
ऊना के पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उन्होंने कहा कि बाइक चोरी के मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है। आरोपी फिलहाल पुलिस को चकमा दे रहा है, लेकिन उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube