शिव मंदिर और राजेश्वरी माता मंदिर के दानपात्र से करीब 21 हजार रुपये की नकदी चोरी करने का आरोप, CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने की पहचान
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कंडाघाट में दो मंदिरों के दानपात्र से नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुनील कुमार (28), पुत्र नंत राम, निवासी गांव चनालग, डाकघर बांदला, तहसील सदर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसे 19 अक्टूबर 2026 को सोलन से गिरफ्तार किया। मामले में चोरी की गई नकदी में से कुछ राशि बरामद कर ली गई है, जबकि शेष नकदी की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
दो मंदिरों से करीब 21 हजार रुपये की नकदी चोरी
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को कंडाघाट निवासी चैन सिंह ने पुलिस थाना कंडाघाट में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने कंडाघाट के श्रीनगर क्षेत्र में स्थित शिव मंदिर के दानपात्र को तोड़कर उसमें से करीब 18,000 रुपये चोरी कर लिए। इसके अलावा राजेश्वरी माता मंदिर, कंडाघाट से करीब 3,000 रुपये की नकदी भी चोरी की गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना कंडाघाट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
मामले की जांच के दौरान पुलिस थाना कंडाघाट की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने मंदिरों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहनता से विश्लेषण किया। फुटेज के आधार पर मामले में संलिप्त आरोपी की पहचान की गई और तलाश के बाद उसे सोलन से गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ चोरी के छह मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के दौरान उसके खिलाफ जिला बिलासपुर और नालागढ़ के विभिन्न पुलिस थानों में चोरी के छह मामले दर्ज पाए गए हैं। आरोपी से मंदिरों में हुई चोरी के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
कुछ नकदी बरामद, आगे की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को 19 अक्टूबर 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में चोरी की गई नकदी में से कुछ राशि बरामद कर ली गई है। शेष नकदी की बरामदगी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
इस मामले में पुलिस की आगामी जांच जारी है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube