SIU टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की नाकाबंदी, फोर्ड फिगो एस्पायर गाड़ी से बरामद हुई हेरोइन; कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस की SIU टीम ने शामती के समीप एक गाड़ी से 54 ग्राम से अधिक चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने गाड़ी में सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 16 और 17 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि को गुप्त सूचना के आधार पर SIU टीम ने शामती के समीप नाकाबंदी की। इस दौरान एक फोर्ड फिगो एस्पायर गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 54 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद हुआ।
पंजाब और हरियाणा के निवासी हैं आरोपी
पुलिस ने आरोपियों की पहचान नरजीत सिंह उर्फ नवी (35), पुत्र जसबीर सिंह, निवासी गांव लोहरा, तहसील डाबा, जिला लुधियाना, पंजाब और रवि (29), पुत्र कुलजीत सिंह, निवासी गांव खान अहमदपुर, डाकघर डीण, तहसील बराड़ा, जिला अंबाला, हरियाणा के रूप में की है। पुलिस टीम ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस थाना सदर सोलन में FIR नंबर 230/2026, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। जांच के दौरान मामले में संलिप्त गाड़ी को भी जब्त कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया है।
दोनों आरोपी पांच दिन के पुलिस रिमांड पर
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को 17 अक्टूबर 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन का पुलिस हिरासत रिमांड हासिल हुआ। आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्वेषण जारी है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube