चताड़ा मोड़ के पास डिवाइडर कट से मुड़ते समय हुआ हादसा, पुलिस ने जांच शुरू कर यातायात कराया बहाल
ऊना-नंगल मुख्य मार्ग पर चताड़ा मोड़ के समीप बुधवार को एक सड़क हादसा हो गया। यहां डिवाइडर कट से मुड़ते समय कोचिंग संस्थान की टेंपो ट्रैवलर और एचआरटीसी बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो ट्रैवलर में सवार एक छात्रा घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, कोचिंग संस्थान की टेंपो ट्रैवलर चताड़ा मोड़ पर बने डिवाइडर कट से मुड़ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एचआरटीसी बस से उसकी टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
हादसे में घायल छात्रा को स्थानीय लोगों की मदद से प्राथमिक उपचार दिलाया गया। वहीं, टेंपो ट्रैवलर में सवार अन्य यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।
सड़क पर लगा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। कुछ समय तक ऊना-नंगल मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
डिवाइडर कट को लेकर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि चताड़ा मोड़ सहित जिला मुख्यालय के आसपास कई जगहों पर बने डिवाइडर कट हादसों का कारण बन रहे हैं। लोगों का आरोप है कि कुछ कट ऐसे स्थानों पर बनाए गए हैं, जहां पर्याप्त दृश्यता और चेतावनी संकेतों की कमी है।
उनका कहना है कि इन स्थानों पर वाहन चालकों को मोड़ लेते समय परेशानी होती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube