मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

सरकार अपनी नाकामी से पूरी तरह बौखलाई, हार नजदीक देख मित्र मंडली फैला रही हैं ओपीएस पर अफवाह

सार

सभी विधायक नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में हाथ में बैनर और तत्ख्तियां लेकर नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय से निकले और विधानसभा के गेट तक नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

2 मिनट
सरकार अपनी नाकामी से पूरी तरह बौखलाई, हार नजदीक देख मित्र मंडली फैला रही हैं ओपीएस पर अफवाह

धर्मशाला : विधानसभा परिसर में शुक्रवार को भाजपा विधायक दल ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में विधायक निधि जारी करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

विधायक अपने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय से निकले और विधानसभा गेट तक नारेबाजी करते हुए मार्च किया। इस दौरान जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बजट में विधायक निधि बढ़ाने की घोषणा करते हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि महीनों से निधि जारी नहीं हुई है,

जिसके कारण विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य ठप पड़े हैं। आपदा के हालात में विधायक निधि ही तत्काल राहत का महत्वपूर्ण साधन थी, लेकिन सरकार ने इसे भी बंद कर दिया है।

भाजपा विधायकों द्वारा विभागों को पत्र भेजने के बावजूद बजट अब तक नहीं पहुंचा, जिससे जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रेजरी से भुगतान रोक दिए गए हैं और सरकार के खास लोग सुविधा शुल्क लेकर भुगतान करवाने का रैकेट चला रहे हैं।

इसके कारण ठेकेदार कर्ज लेकर परिवार चला रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार अपनी संभावित हार से घबरा चुकी है और झूठ–फरेब फैलाने में जुटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की ‘मित्र मंडली’ भाजपा विधायकों के वक्तव्यों को तोड़-मरोड़कर ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) से जोड़ रही है,

जबकि भाजपा विधायकों ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया। उन्होंने दावा किया कि सरकार अपनी उपलब्धियों के अभाव में विपक्ष के खिलाफ दुष्प्रचार पर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, जो हिमाचल की राजनीतिक संस्कृति के खिलाफ है।

पंचायत चुनाव और आपदा प्रबंधन एक्ट पर बड़ा आरोप :

पंचायत चुनावों को लेकर धारा 67 के जवाब से असंतुष्ट भाजपा विधायक दल ने सदन से वॉकआउट किया। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री आपदा प्रबंधन एक्ट का सहारा लेकर पंचायत चुनाव से बचना चाहते हैं, जबकि आपदा राहत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान आपदा राहत की बजाय अपने तीन साल के जश्न की तैयारियों में लगा है। किसे मंच पर बैठाना है, कार्ड कैसे छापने हैं, कौन से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आदि सवालों पर लंबी बैठकें की जा रही हैं।

मंत्री की बदतमीजी बर्दाश्त नहीं, भाजपा का रुख सख्त :

जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा विधायक दल सदन में किसी भी मंत्री की बदतमीजी सहन नहीं करेगा। इसी मुद्दे पर भाजपा विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मिलकर बदसलूकी करने वाले मंत्री के बहिष्कार की जानकारी दी।

इस खबर को शेयर करें