सुंदरनगर
उपमंडल सुंदरनगर के तहत बीएसएल कॉलोनी पुलिस थाना क्षेत्र में एक कार और टिप्पर के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा जयदेवी स्थित गुरुद्वारा के समीप पेश आया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को कार से बाहर निकाला और उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सुंदरनगर पहुँचाया।
जानकारी के अनुसार, करसोग तहसील के पांगणा क्षेत्र के निवासी बालक राम अपनी वृद्ध माता के इलाज के लिए परिवार सहित सुंदरनगर आ रहे थे। जब उनकी कार जयदेवी के पास पहुँची, तो सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार टिप्पर ने उन्हें टक्कर मार दी।
घायलों में कार चालक हेतराम (25), हिमांश, बसंतु देवी, प्रेमलता और बालक राम शामिल हैं। सभी घायल तहसील करसोग के सेरी और सुई गाँव से संबंध रखते हैं।
नागरिक अस्पताल सुंदरनगर में प्राथमिक उपचार के बाद वृद्ध महिला बसंतु देवी की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि दादी की देखभाल के लिए उनका पोता भी साथ में ही मेडिकल कॉलेज गया है। परिवार के अन्य सदस्यों का उपचार सुंदरनगर अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही बीएसएल कॉलोनी थाना पुलिस की टीम ने अस्पताल पहुँचकर घायलों के बयान कलमबद्ध किए। पुलिस ने मौके का मुआयना कर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टिप्पर की गति काफी अधिक थी, जिस कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और यह हादसा घटित हुआ। पुलिस ने टिप्पर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहनता से जाँच कर रही है। उन्होंने कहा कि घायलों के बयान के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी से वाहन चलाएं ताकि इस तरह की अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके।