सुजानपुर।
जिला मुख्यालय हमीरपुर के बाद अब सुजानपुर शहर में भी पीलिया (Jaundice) ने अपने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। पिछले दो दिनों के भीतर शहर में पीलिया के तीन पुष्ट मामले सामने आने से हड़कंप मच गया है।
वर्तमान में सुजानपुर के ऐतिहासिक मैदान में सुप्रसिद्ध होली मेला चल रहा है, ऐसे में संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य और जल शक्ति विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।
वार्ड नंबर 1 और 9 में मिले संक्रमित
खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि सिविल अस्पताल सुजानपुर में पीलिया के तीन मरीज भर्ती किए गए हैं। इनमें से दो मामले वार्ड नंबर 1 और एक मामला वार्ड नंबर 9 से सामने आया है। सभी प्रभावितों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
दूषित खान-पान और पेयजल पर शक
डॉ. राजकुमार के अनुसार, प्राथमिक दृष्टि में पीलिया फैलने का मुख्य कारण दूषित जल या दूषित भोजन का सेवन हो सकता है। चूंकि सुजानपुर में होली मेला चल रहा है और भारी संख्या में लोग खान-पान की दुकानों पर पहुंच रहे हैं, ऐसे में गंदगी या दूषित खाद्य सामग्री से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रविवार को मेला ग्राउंड का दौरा किया और विभिन्न स्टालों से खाद्य सामग्री के सैंपल भरकर जांच के लिए भेजे हैं। अस्पताल में भर्ती मरीजों की निगरानी तेज कर दी गई है। मेला ग्राउंड में स्वच्छता और खाद्य सामग्री की शुद्धता की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं।
जल शक्ति विभाग की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया है। जिन घरों में पीलिया के मामले आए हैं, वहां की पेयजल सप्लाई के सैंपल लिए गए हैं। साथ ही, मेला ग्राउंड में दी जा रही पानी की सप्लाई की भी गहन जांच की जा रही है।
सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मेले के दौरान खान-पान में विशेष सावधानी बरतें। केवल ढका हुआ भोजन ही करें और पेयजल की शुद्धता का ध्यान रखें। यदि किसी को बुखार, आंखों में पीलापन या अत्यधिक कमजोरी महसूस हो, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं।