मार्च में बनी सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल, लोगों ने विभाग से जल्द मरम्मत करवाने की मांग की
हमीरपुर जिले के सुजानपुर बस स्टैंड की नई सड़क निर्माण के कुछ ही महीनों बाद खराब हो गई है। मार्च महीने में बनाई गई सड़क अब जगह-जगह से उखड़ चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है।
मुख्य बस स्टैंड पर सड़क की खराब हालत के कारण स्थानीय लोगों, वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब हालत को लेकर संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण का कार्य जल्दबाजी में किया गया, जिसका खामियाजा अब शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नई सड़क का इतने कम समय में खराब होना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है।
गड्ढों से हो रही लोगों को परेशानी
सुजानपुर बस स्टैंड पर बने गड्ढे अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। यात्रियों और वाहन चालकों को खराब सड़क से गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य बस स्टैंड जैसी जगह पर सड़क की यह स्थिति शहर की व्यवस्था को भी दर्शाती है।
विभाग से जल्द मरम्मत की मांग
लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क की जल्द मरम्मत करवाई जाए और गड्ढों को ठीक किया जाए।
उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों की गाड़ियां भी रोजाना इसी सड़क से गुजरती हैं, ऐसे में उन्हें समस्या पर ध्यान देकर जल्द समाधान करना चाहिए।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube