मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र की तुंग पंचायत का प्रतिनिधिमंडल पंचायत प्रधान महेंद्र की अध्यक्षता में जिला उपायुक्त अपूर्व देवगन से मिला। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पंचायत ने निर्माणाधीन टनल अरढ़ा के कारण क्षतिग्रस्त हुए श्मशानघाट और वहां तक जाने वाले पक्के रास्ते का पुनर्निर्माण करवाने की मांग उठाई है।
टनल कार्य से श्मशानघाट और रास्ता हुआ प्रभावित
पंचायत प्रधान महेंद्र ने बताया कि टनल निर्माण कार्य के चलते श्मशानघाट और वहां जाने वाला रास्ता पूरी तरह से खराब हो चुका है। इससे ग्रामीणों को अंतिम संस्कार जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में आने वाले समय में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि श्मशानघाट पंचायत क्षेत्र की आवश्यक सुविधा है और इसका जल्द पुनर्निर्माण किया जाना जरूरी है।
NHAI को कार्रवाई के निर्देश देने की मांग
पंचायत प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से आग्रह किया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और संबंधित निर्माण कंपनी को श्मशानघाट और संपर्क मार्ग का नए सिरे से निर्माण करवाने के निर्देश जारी किए जाएं।
इसके साथ ही पंचायत क्षेत्र में हुए नुकसान की भरपाई और विकास कार्यों के लिए उचित धनराशि उपलब्ध करवाने की मांग भी रखी गई।
पंचायत ने सर्वसम्मति से पारित किया प्रस्ताव
ग्राम पंचायत की बैठक में इस विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर NHAI प्रबंधन से जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।
पंचायत ने कहा कि श्मशानघाट और रास्ते का निर्माण होने से ग्रामीणों को राहत मिलेगी और उन्हें अंतिम संस्कार के दौरान परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube