जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हटाने और छात्रों पर लाठीचार्ज का विरोध, कांग्रेस ने भी कार्रवाई की निंदा की
दिल्ली के जंतर-मंतर मैदान में धरने पर बैठे सोनम वांगचुक को हटाए जाने के विरोध में हमीरपुर में प्रदर्शन किया गया। यूनाइटेड इंडियन फॉर्म ने गांधी चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की।
संगठन के संयोजक सुरेश कुमार ने कहा कि सोनम वांगचुक छात्रों को न्याय दिलाने और पेपर लीक मामलों के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से भूख हड़ताल कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि 20वें दिन उन्हें जबरदस्ती अनशन से उठाया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
छात्रों के मुद्दों को लेकर उठाई आवाज
सुरेश कुमार ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से कई छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि छात्रों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से सोनम वांगचुक आंदोलन कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कार्रवाई करना उचित नहीं है। छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना की भी उन्होंने कड़े शब्दों में निंदा की।
आंदोलन दबाने का लगाया आरोप
यूनाइटेड इंडियन फॉर्म के संयोजक सुरेश कुमार ने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने से आंदोलन खत्म नहीं होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों के मुद्दों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की कार्रवाई से लोगों में नाराजगी और बढ़ सकती है।
कांग्रेस ने भी जताया विरोध
हमीरपुर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमन भारती ने भी दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और सोनम वांगचुक को धरने से हटाने की कार्रवाई की निंदा की।
उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक छात्रों की आवाज उठा रहे थे और उन्हें धरने से हटाना केंद्र सरकार की गैर-जिम्मेदाराना कार्रवाई है।
सुमन भारती ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों के बढ़ते आक्रोश से डर रही है और आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube