मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

सुधीर शर्मा का सरकार पर हमला, बोले— एक्साइज विभाग को प्रयोगशाला बना दिया

सार

शराब नीति, ठेकों के संचालन और ई-टेंडरिंग को लेकर मुख्यमंत्री व प्रदेश सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

2 मिनट
सुधीर शर्मा का सरकार पर हमला, बोले— एक्साइज विभाग को प्रयोगशाला बना दिया

धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने एक बार फिर मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने एक्साइज विभाग को प्रयोगशाला बना दिया है, जहां बिना दूरदर्शिता और ज़मीनी हकीकत को समझे लगातार नए-नए प्रयोग किए जा रहे हैं, जिसका खामियाजा प्रदेश और स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा शराब नीति में अचानक बदलाव किए जाने के कारण ठेकों की नीलामी नहीं हो सकी। इसके बाद सरकार ने स्वयं ठेके चलाने का निर्णय लिया, जो पूरी तरह विफल साबित हुआ।

हालात यहां तक पहुंच गए कि ठेकों की सुरक्षा के लिए होमगार्ड्स की ड्यूटी लगानी पड़ी, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था संभाली नहीं जा सकी। अब जब घाटे की स्थिति साफ नजर आने लगी है, तो सरकार ने अगले वित्तीय वर्ष से ई-टेंडरिंग लागू करने का फैसला कर लिया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि ई-टेंडरिंग लागू होने से प्रदेश के स्थानीय लोगों को भारी नुकसान होगा। ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत कोई भी व्यक्ति कहीं से भी टेंडर ले सकेगा, जिससे ठेके प्रदेश से बाहर के लोगों के हाथों में जाने की आशंका है।

इससे न केवल स्थानीय ठेकेदारों पर असर पड़ेगा, बल्कि उनके अधीन कार्यरत सैकड़ों-हजारों कर्मचारी, छोटे व्यापारी और उनके परिवार भी सीधे तौर पर प्रभावित होंगे।

विधायक ने कहा कि पंजाब में ई-टेंडरिंग का प्रयोग पहले ही पूरी तरह विफल साबित हो चुका है, इसके बावजूद हिमाचल सरकार उसी असफल मॉडल को प्रदेश में लागू करने पर आमादा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सिरमौर और सोलन की दो शराब फैक्ट्रियों पर हुई कार्रवाई को कमजोर करने और मामले को दबाने के लिए प्रभावशाली लोगों द्वारा दबाव बनाया गया।

सुधीर शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार को न तो प्रदेश के हितों की चिंता है और न ही आम जनता के भविष्य की। पूरी व्यवस्था केवल अपने लोगों को बचाने और चहेतों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है। इसी कारण प्रदेश के लगभग हर विभाग में अव्यवस्था और भ्रम की स्थिति बनी हुई है।

उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत एक्साइज नीति पर पुनर्विचार करे, स्थानीय लोगों और कर्मचारियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करे और ऐसे असफल प्रयोगों से प्रदेश को बचाए। अन्यथा भाजपा इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती से उठाएगी।

इस खबर के विषय

  • सुधीर शर्मा
  • government criticism
  • excise department
  • liquor policy
  • e-tendering
  • state government
  • allegations

इस खबर को शेयर करें