मंडी के लोअर बेरी गांव के सोमांश ने OTA गया से पूरी की सैन्य ट्रेनिंग, आर्टिलरी रेजीमेंट में हुए कमीशन; परिवार और क्षेत्र में जश्न
हिमाचल प्रदेश की देवभूमि से ताल्लुक रखने वाले सोमांश बरवाल ने भारतीय सेना में अफसर बनकर अपने परिवार, गांव और प्रदेश का नाम रोशन किया है। मंडी जिले की संधोल तहसील के लोअर बेरी गांव के मूल निवासी सोमांश बरवाल ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA) गया से सफलतापूर्वक पास आउट होकर भारतीय सेना की आर्टिलरी रेजीमेंट में बतौर लेफ्टिनेंट कमीशन हुए हैं।
सोमांश का परिवार मूल रूप से हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है, लेकिन उनके पिता मनदीप सिंह के कामकाज के सिलसिले में नोएडा में रहने के कारण परिवार वर्तमान में वहीं रहता है। सोमांश के सेना में अधिकारी बनने के बाद उनके पैतृक गांव लोअर बेरी और परिवार में खुशी का माहौल है।
B.Tech के बाद चुना सेना का रास्ता
सोमांश बरवाल ने अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री हासिल की। तकनीकी शिक्षा पूरी करने के बावजूद उनका लक्ष्य देश सेवा करना था। इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने भारतीय सेना में जाने का निर्णय लिया और OTA गया में कठिन सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कठिन प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अब सोमांश आधिकारिक रूप से भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। उनकी इस उपलब्धि से माता-पिता मनदीप सिंह और कविता सिंह का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है।
दादा कैप्टन पूरन चंद का सपना किया पूरा
लेफ्टिनेंट सोमांश बरवाल का सेना में चयन उनके परिवार की सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाने वाला है। उन्होंने अपने स्वर्गीय दादा कैप्टन पूरन चंद के उस सपने को पूरा किया है, जो उन्होंने अपने पोते को सेना में अधिकारी के रूप में देखने का संजोया था।
कैप्टन पूरन चंद स्वयं भारतीय सेना में कैप्टन के पद पर रहकर देश की सेवा कर चुके थे। अब उनके बाद सोमांश भी भारतीय सेना का हिस्सा बनकर देश की रक्षा के लिए अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार हैं।
परिवार और क्षेत्रवासियों ने दी बधाई
सोमांश की इस उपलब्धि पर उनकी दादी चंदर कांता सहित परिवार के सदस्यों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई और उन्हें बधाई दी। लोगों ने उनके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना करते हुए देश सेवा के नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं।
सोमांश बरवाल की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि उनके पैतृक गांव और पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए भी गौरव की बात है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube