बड़सर के पाहलू निवासी निश्चल की उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी, माता-पिता ने बताया मेहनत और अनुशासन का परिणाम
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के बड़सर क्षेत्र के युवा निश्चल पटियाल ने भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पाहलू निवासी निश्चल पटियाल ने बेंगलुरु में फ्लाइंग ऑफिसर का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया और अब भारतीय वायु सेना में अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
निश्चल की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ पाहलू पंचायत और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उन्हें बधाई देने के लिए रिश्तेदारों, ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों का उनके घर पहुंचने का सिलसिला जारी है।
प्रशिक्षण के दौरान निश्चल ने कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। भारतीय वायु सेना में अधिकारी के रूप में उनका चयन परिवार और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। उनकी सफलता से जिला हमीरपुर और पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम भी रोशन हुआ है।
पिता होटल मैनेजर, मां शिक्षिका
निश्चल पटियाल के पिता बलवंत सिंह पटियाल एक इंटरनेशनल होटल में असिस्टेंट मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनकी माता सरोज कुमारी सरकारी स्कूल बैरी में अध्यापिका के रूप में सेवाएं दे रही हैं।
परिवार के सदस्यों ने निश्चल की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
सफलता पर घर पहुंचकर बधाई दे रहे लोग
निश्चल की भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर नियुक्ति की खबर मिलते ही रिश्तेदारों, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने परिवार को बधाई दी। लोगों ने निश्चल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट सेवाएं देकर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube