सोलन।
जिला पुलिस सोलन द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया है। इस कार्रवाई में न केवल हेरोइन (चिट्टा) की बड़ी खेप बरामद की गई, बल्कि इस नेटवर्क के एक महत्वपूर्ण सप्लायर,
जो कि एक नाइजीरियाई नागरिक है, को भी गिरफ्तार किया गया है। दिनांक 20.04.2026 को पुलिस थाना सदर, सोलन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 एवं 29 के अंतर्गत एफआईआर संख्या 95/2026 दर्ज की गई थी।
इस मामले में प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान तीन व्यक्तियों के कब्जे से कुल 9.93 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई थी । गिरफ्तार आरोपियों में दो व्यक्ति बिहार राज्य के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी नेपाली नागरिक है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तुरंत जांच को आगे बढ़ाया गया तथा आरोपियों से पूछताछ के आधार पर ड्रग सप्लाई चेन के बैकवर्ड लिंक को खंगालने का कार्य शुरू किया गया।
जांच में यह सामने आया कि इस नेटवर्क की जड़ें दिल्ली तक फैली हुई हैं। इसी क्रम में दिनांक 22.04.2026 को थाना प्रभारी (SHO) के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम को दिल्ली रवाना किया गया।
स्थानीय पुलिस के सहयोग से नई दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में चिन्हित स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान मौके पर यूजीन चिनवेउबा नामक 42 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक मौजूद पाया गया।
संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए उसके आवासीय परिसर की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कमरे से कुल 229 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) तथा मादक पदार्थ की तौल हेतु प्रयुक्त एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया। बरामदगी के उपरांत आरोपी को थाना प्रभारी द्वारा विधि अनुसार मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि आरोपी इस ड्रग नेटवर्क का एक महत्वपूर्ण सप्लायर है, जो विभिन्न राज्यों में नशे की खेप पहुंचाने में संलिप्त था। आरोपी के विदेशी नागरिक होने के कारण उसके विरुद्ध विदेशी अधिनियम की धारा 14 भी जोड़ी गई है।
गिरफ्तार आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जहां पुलिस रिमांड प्राप्त कर नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों, सप्लाई चैन तथा वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जाएगी।
इस सफल ऑपरेशन के माध्यम से जिला सोलन पुलिस ने न केवल भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया है, बल्कि नशा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
यह कार्रवाई युवाओं को नशे के जाल से बचाने तथा समाज को सुरक्षित बनाने की दिशा में जिला पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है । जिला पुलिस सोलन भविष्य में भी नशा तस्करों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रखेगी। मामले में आगे की जांच प्रगति पर है।