मंडी I
हिमाचल प्रदेश की राजनीति के दिग्गज और पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी भविष्य की रणनीति स्पष्ट कर दी है। द्रंग विधानसभा क्षेत्र में नवनियुक्त ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर के सम्मान समारोह के दौरान उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि वे एक बार फिर चुनावी रण में उतरने के लिए तैयार हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कौल सिंह ठाकुर का एक दर्द भी छलका। कौल सिंह ने कहा, द्रंग की जनता ने मुझे 8 बार विधानसभा भेजा है। पिछले चुनाव में परिस्थितियां कुछ ऐसी रहीं कि मुझे हार का सामना करना पड़ा, वरना अगर मैं वह चुनाव जीत जाता तो आज हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री होता।
उन्होंने पिछली हार को एक सामयिक चूक बताया और कहा कि जनता का साथ उन्हें हमेशा मिलता रहा है।
2027 के चुनावों में अपनी दावेदारी पर उन्होंने बेहद सधे हुए अंदाज में अपनी बात रखी।मैं एक अनुशासित कार्यकर्ता हूं। यदि कांग्रेस हाईकमान मुझे निर्देश देता है और पार्टी की इच्छा होती है, तो मैं द्रंग से चुनाव जरूर लड़ूंगा। अंतिम निर्णय नेतृत्व का होगा और मैं उनके हर फैसले का सम्मान करूंगा।
देवेंद्र ठाकुर की बतौर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्ति के बाद आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ा। कौल सिंह ठाकुर ने इस दौरान संगठन की मजबूती पर जोर दिया कार्यकर्ताओं ने 2027 की वापसी के लिए अभी से जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की शपथ ली। समारोह में आने वाले चुनावों के लिए नई रणनीति और जनसंपर्क अभियान को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।