सुजानपुर I
अखिल भारतीय सैनिक स्कूल्स फुटबॉल प्रतियोगिता 2026–27 (ग्रुप ‘ए’) का बुधवार को सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के खेल मैदान में भव्य समापन हो गया। छह दिनों तक चले इस रोमांचक टूर्नामेंट में उत्तर भारत (नॉर्थ ज़ोन) के विभिन्न सैनिक स्कूलों की टीमों ने अपने खेल कौशल, अनुशासन और जबरदस्त टीम भावना से दर्शकों का दिल जीत लिया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन तीन अलग-अलग श्रेणियों में फाइनल मैच खेले गए, जिनका परिणाम इस प्रकार रहा अंडर-17 (छात्रा वर्ग) सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा रॉयल इंटरनेशनल स्कूल, फतेहाबाद 3-0, अंडर-17 (छात्र वर्ग) दयानंद पब्लिक स्कूल, पटियाला सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा 4-2 (पेनल्टी), अंडर-15 (छात्र वर्ग) रॉयल इंटरनेशनल स्कूल, फतेहाबाद सैनिक स्कूल नगरोटा 2-0।
सैनिक स्कूल कपूरथला ने मेजबान सुजानपुर टिहरा को 4-3 से हराकर तीसरा स्थान पाया। सैनिक स्कूल कपूरथला ने सैनिक स्कूल कुंजपुरा को 4-2 से शिकस्त दी। रॉयल इंटरनेशनल स्कूल फतेहाबाद ने कपूरथला को 3-2 से हराकर कांस्य पदक पर कब्जा किया।
खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन को देखते हुए कई पुरस्कार वितरित किए गए।
अंडर-17 छात्रा वर्ग: बेस्ट प्लेयर - कैडेट सेजल गुलेरिया (सुजानपुर), बेस्ट गोलकीपर - कैडेट प्रियांशु चौधरी (सुजानपुर)।
अंडर-17 छात्र वर्ग: बेस्ट प्लेयर - कैडेट श्याम कुमार (सुजानपुर), बेस्ट गोलकीपर - कैडेट अंगद कुमार (पटियाला)।
अंडर-15 छात्र वर्ग: बेस्ट प्लेयर - कैडेट स्टैनज़िन (नगरोटा), बेस्ट गोलकीपर - कैडेट कुमार राघवेंद्र (फतेहाबाद)।
समापन समारोह में एयर कमोडोर ब्रिजेश पॉल (VM) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता टीमों को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल हमें शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं।
विशेष बात यह रही कि एयर कमोडोर ब्रिजेश पॉल स्वयं इसी विद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं, उन्होंने सुजानपुर स्कूल की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की। विद्यालय की प्रधानाचार्या ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए समस्त स्टाफ, कोच और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
छह दिनों तक खेल के रंग में रंगे रहने के बाद, सभी टीमें 23 अप्रैल को अपने-अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान करेंगी। यह प्रतियोगिता न केवल खेल बल्कि अनुशासन और टीमवर्क की एक नई मिसाल पेश कर गई।