रामपुर भारापुर पंचायत के हजारों लोग खस्ताहाल सड़कों से परेशान, 15 से 20 दिन में सुधार नहीं हुआ तो उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी।
जिला सिरमौर के धौलाकुआं क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत रामपुर भारापुर के करीब एक दर्जन गांवों में खस्ताहाल सड़कें लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई हैं।
हजारों ग्रामीण रोजाना जर्जर सड़कों पर सफर करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग ने अब तक सड़क सुधार की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
जिला परिषद सदस्य भगवान दास और ग्राम पंचायत रामपुर भारापुर के प्रधान रजनीश चौधरी ने बताया कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक दर्जन गांवों के ग्रामीण लगातार लोक निर्माण विभाग से सड़कें दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।
उनका कहना है कि अब ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे रहा है। यदि आगामी 15 से 20 दिनों के भीतर सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो ग्रामीण सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
बरसात में और बढ़ी परेशानी
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार गर्मियों में सड़क पर उड़ने वाली धूल से लोगों को परेशानी होती थी, जबकि अब बरसात के दौरान गहरे गड्ढों में भरा पानी आवागमन को और अधिक जोखिमभरा बना रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जगह-जगह बने बड़े गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। सड़क की हालत ऐसी हो चुकी है कि वाहन चलाना तो दूर, कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
आपातकालीन सेवाएं भी हो रही प्रभावित
ग्रामीणों ने बताया कि खराब सड़कों के कारण एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहन कई बार गांव तक नहीं पहुंच पाते। लोगों को मजबूरन पैदल मुख्य सड़क तक जाना पड़ता है। उनका कहना है कि इस समस्या को कई बार संबंधित विभाग के समक्ष उठाया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द सड़क मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube