हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शिमला के तारा देवी स्थित आईटीबीपी कैंप के समीप 1.120 किलोग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में हरियाणा के अंबाला जिले के नारायणगढ़ निवासी 22 वर्षीय विजय कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार बरामद चिट्टे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये है। इसे वर्ष 2026 की अब तक की सबसे बड़ी चिट्टा बरामदगी माना जा रहा है।
गुप्त सूचना पर SIU ने की कार्रवाई
पुलिस की विशेष जांच इकाई (SIU) को मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर तारा देवी क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी की गई। इस दौरान संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.120 किलोग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
बालूगंज थाने में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बालूगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया जारी है, ताकि उससे पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क के बारे में और जानकारी जुटाई जा सके।
संगठित तस्करी गिरोह की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि इतनी बड़ी मात्रा में बरामद चिट्टा किसी संगठित अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया, इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, संपर्कों और वित्तीय लेन-देन की भी गहन जांच कर रही है।
नशा तस्करों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि इस मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube